Ranchi News: छठ महापर्व को लेकर रांची और हटिया रेलवे स्टेशन से चलने वाली नियमित ट्रेनों में सीटों के लिए भारी दबाव है. दिल्ली, मुंबई, पुणे और बेंगलुरु से रांची आने वाली ट्रेनों के साथ-साथ बिहार जाने वाली प्रमुख ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची चल रही है. कई ट्रेनों में बुकिंग के दौरान 'रिग्रेट' (नो रूम) की स्थिति बन गई है, जिससे यात्रियों को टिकट नहीं मिल पा रहा है.
बिहार जाने वाली ट्रेनों में जगह नहीं, वापसी का भी संकट
छठ के लिए रांची से पटना, दरभंगा और भागलपुर जाने वाली नियमित ट्रेनें भी फुल हैं. रांची-पटना जनशताब्दी एक्सप्रेस के सेकेंड सिटिंग में वेटिंग 125 के पार और एसी चेयरकार में 50 के करीब है. पाटलिपुत्र, हटिया-इस्लामपुर, वनांचल और मौर्य एक्सप्रेस के स्लीपर क्लास में वेटिंग 80 से 100 के पार बनी हुई है. उधर 16 नवंबर को छठ समापन के बाद रांची से वापस लौटने वाली नियमित ट्रेनें भी नवंबर के अंत तक फुल हो चुकी हैं.
वंदे भारत से लेकर उत्तर बिहार की ट्रेनों में लंबी प्रतीक्षा सूची
रांची से बिहार के विभिन्न जिलों को जोड़ने वाली अन्य प्रमुख ट्रेनों में भी छठ महापर्व को लेकर सीटों का भारी टोटा है. रांची-पटना वंदे भारत एक्सप्रेस (22350) के चेयरकार और एग्जीक्यूटिव क्लास के साथ-साथ हटिया-पूर्णिया कोर्ट एक्सप्रेस (18626) और रांची-गोड्डा एक्सप्रेस (18603) में भी कंफर्म टिकट नहीं मिल रहा है.
इसके अलावा रांची-आरा एक्सप्रेस (18640), रांची-सासाराम इंटरसिटी (18635) और उत्तर बिहार जाने वाली रक्सौल-हैदराबाद व दरभंगा-सिकंदराबाद (17007) जैसी साप्ताहिक ट्रेनों के स्लीपर और थर्ड एसी कोच में वेटिंग 100 के पार पहुंच चुकी है.
यात्रियों की इस अतिरिक्त भीड़ को नियंत्रित करने के लिए रेलवे द्वारा रांची होकर गोंदिया-पटना छठ स्पेशल (08895/08896) जैसी विशेष ट्रेनों का परिचालन किया जा रहा है, जिसमें 10 स्लीपर और 4 जनरल कोच लगाए गए हैं.
इसे भी पढ़ें -
स्पेशल ट्रेनों में खाली सीटें बनीं यात्रियों का सहारा
नियमित ट्रेनों में टिकट नहीं मिलने से परेशान यात्रियों के लिए रेलवे की छठ स्पेशल ट्रेनें राहत बनकर सामने आई हैं. 13 नवंबर को रांची से खुलने वाली रांची-पूर्णिया स्पेशल और रांची-झंझारपुर स्पेशल के स्लीपर व एसी इकोनॉमी क्लास में अब भी पर्याप्त सीटें उपलब्ध हैं. इसके अलावा पोत्तनूर-दरभंगा स्पेशल (06189) और चर्लपल्ली-पटना स्पेशल में भी यात्री बुकिंग करा सकते हैं.
रांची आने वाली ट्रेनों में लंबी वेटिंग
देश के बड़े शहरों से छठ पर्व पर रांची लौटने वाले यात्रियों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है. आईआरसीटीसी के आंकड़ों के अनुसार, नई दिल्ली-रांची राजधानी एक्सप्रेस (20840 और 12454) के थर्ड एसी में वेटिंग 120 से 220 के पार पहुंच गई है, जबकि फर्स्ट एसी में रिग्रेट की स्थिति है. नई दिल्ली-रांची गरीब रथ एक्सप्रेस (12878) में भी 15 नवंबर तक 200 से अधिक की वेटिंग चल रही है.
संपर्क क्रांति और मुंबई-पुणे की ट्रेनों का हाल
झारखंड संपर्क क्रांति (12826) और आनंद विहार-हटिया स्वर्ण जयंती एक्सप्रेस (12874) के स्लीपर क्लास में बुकिंग बंद (रिग्रेट) हो चुकी है और थर्ड एसी में वेटिंग 100 के पार है. वहीं मुंबई से आने वाली लोकमान्य तिलक-हटिया एक्सप्रेस (12811), पुणे-हटिया एक्सप्रेस और बेंगलुरु-हटिया एक्सप्रेस (18638) के स्लीपर कोच में भी 80 से 160 से अधिक की लंबी वेटिंग दर्ज की गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

