Gaya Ji News: गया जी के फतेहपुर थाना क्षेत्र में पुलिस की टीम पर खानाबदोशों के एक समूह ने हमला कर दिया. पुलिस चोरी की घटना की जांच के लिए पहुंची थी. इसी दौरान लोगों ने पुलिस की टीम पर पथराव कर दिया. इस घटना में डायल 112 के एएसआई बैजू पासवान और महिला सिपाही बेबी कुमारी को हल्की चोटें आई हैं. दोनों का स्थानीय स्तर पर उपचार कराया गया.
इसे भी पढ़ें:
घटना के दौरान पुलिस की पेट्रोलिंग टीम को भी निशाना बनाया गया, जिससे वाहन के शीशे क्षतिग्रस्त हो गए. पुलिस के मुताबिक जमहेत गांव में चोरी की एक घटना सामने आई थी. इसी मामले की छानबीन के लिए पुलिस टीम गोपी मोड़ के पास खानाबदोशों के ठिकाने पर पहुंची थी.
टीम वहां मौजूद लोगों से चोरी की घटना को लेकर पूछताछ कर रही थी. इसी दौरान कुछ लोगों ने पुलिस का विरोध करना शुरू कर दिया. देखते ही देखते विवाद बढ़ गया और लोगों ने पुलिस टीम के साथ मारपीट शुरू कर दी. पुलिस वाहन पर पथराव किया गया. टांगी से हमले की बात भी कही जा रही है.
घटना के बाद पुलिस ने मामले की जानकारी जुटानी शुरु कर दी है. पुलिस टीम पर हमला करने वालों की पहचान और घटना के कारणों की जांच की जा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

