Search

 
 
 

सीनियर अफसर को वरीयता के अनुसार पोस्टिंग नहीं देना अनुचित : हाईकोर्ट

Ranchi News : न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह याचिकाकर्ता पवन कुमार मंडल को छह सप्ताह के भीतर अपर सचिव (एडिशनल सेक्रेटरी) या इसके समकक्ष पद पर पदस्थापित करे.
 
हाईकोर्ट
  • छह सप्ताह के भीतर अपर सचिव या इसके समकक्ष पद पर पदस्थापित करे

Ranchi News : झारखंड हाईकोर्ट ने भारतीय प्रशासनिक सेवा (आईएएस) में प्रोन्नति पा चुके एक वरिष्ठ अधिकारी को उनकी वरीयता के अनुरूप पदस्थापन नहीं देने के राज्य सरकार के फैसले को मनमाना और अनुचित करार दिया है.

 

न्यायमूर्ति दीपक रोशन की अदालत ने राज्य सरकार को निर्देश दिया है कि वह याचिकाकर्ता पवन कुमार मंडल को छह सप्ताह के भीतर अपर सचिव (एडिशनल सेक्रेटरी) या इसके समकक्ष पद पर पदस्थापित करे.

 

इसे भी पढ़ें...

 

मामले की सुनवाई के दौरान अदालत ने पाया कि झारखंड प्रशासनिक सेवा (जेएएस) से प्रोन्नत होकर आईएएस बने पवन कुमार मंडल को केंद्र सरकार की अधिसूचना के तहत 2014 बैच आवंटित किया गया था. इसके बावजूद राज्य सरकार ने उन्हें पूर्व के कनिष्ठ पद यानी संयुक्त सचिव (महिला, बाल विकास एवं सामाजिक सुरक्षा विभाग) पर ही बनाए रखा, जबकि उनसे कनिष्ठ 2015 बैच के प्रोन्नत आईएएस अधिकारियों को अपर सचिव के पद पर पदस्थापित कर दिया गया था.

 

सुनवाई के दौरान राज्य सरकार की ओर से दलील दी गई कि याचिकाकर्ता ने वर्ष 2025 का वार्षिक अचल संपत्ति विवरण जनवरी 2026 की निर्धारित समय-सीमा के भीतर ऑनलाइन जमा नहीं किया था, इसलिए उन्हें अपर सचिव का पद नहीं दिया गया. वहीं, याचिकाकर्ता के अधिवक्ता सौरभ शेखर ने अदालत को बताया कि संपत्ति विवरण की हार्ड कॉपी विभाग में जमा की जा चुकी है और केंद्र सरकार द्वारा आईएएस में प्रोन्नति दिए जाने के बाद वरीयता के अनुसार पदस्थापन से वंचित करना गलत है.

 

दोनों पक्षों को सुनने के बाद हाईकोर्ट ने स्पष्ट किया कि यह मामला प्रोन्नति का नहीं, बल्कि पदस्थापन का है. सरकार द्वारा पेश किए गए किसी भी नियम या परिपत्र में यह प्रावधान नहीं है कि संपत्ति विवरण ऑनलाइन जमा नहीं करने पर किसी प्रोन्नत अधिकारी को उसकी वरीयता के अनुरूप पद से वंचित रखा जा सकता है. चूंकि याचिकाकर्ता जनवरी 2027 में सेवानिवृत्त होने वाले हैं, इसलिए अदालत ने सरकार को पूरी प्रक्रिया छह सप्ताह में पूरी करने का आदेश दिया है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही