Search

 
 
 

Nowamundi News: बस और पिकअप की आमने-सामने टक्कर, सभी लोग सुरक्षित

पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू-छोटानागरा मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. छोटानागरा थाना क्षेत्र के तितलीघाट और झाड़बेड़ा गांव के बीच स्थित सारंडा घाटी में एक यात्री बस और मोबिल सहित अन्य तरल पदार्थों से लदी पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई.
 

Amit Kumar

Nowamundi : पश्चिमी सिंहभूम जिले के किरीबुरू-छोटानागरा मुख्य सड़क मार्ग पर सोमवार को एक बड़ा सड़क हादसा टल गया. छोटानागरा थाना क्षेत्र के तितलीघाट और झाड़बेड़ा गांव के बीच स्थित सारंडा घाटी में एक यात्री बस और मोबिल सहित अन्य तरल पदार्थों से लदी पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई.

 

टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि इसकी आवाज दूर तक सुनाई दी. हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई और दोनों वाहनों में सवार सभी लोग सुरक्षित बच निकले. हादसे में बस और पिकअप वाहन को भारी क्षति पहुंची है। बस का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया, जबकि पिकअप भी बुरी तरह टूट गया.

 

घटना के बाद कुछ देर तक मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बना रहा. स्थानीय ग्रामीणों ने तत्परता दिखाते हुए स्थिति को संभाला. सूचना मिलने पर छोटानागरा थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और दुर्घटनाग्रस्त बस को जब्त कर थाना ले गई. 

 

समाचार भेजे जाने तक पिकअप वाहन घटनास्थल पर ही खड़ा था.प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, दुर्घटना सारंडा घाटी के एक तीखे और अंधे मोड़ पर हुई। दोनों वाहन तेज गति से आ रहे थे और अचानक आमने-सामने आने के कारण चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सके, जिससे टक्कर हो गई.


स्थानीय लोगों का कहना है कि किरीबुरू-छोटानागरा मार्ग, विशेषकर तितलीघाट से सैडल गेट के बीच का हिस्सा, लंबे समय से दुर्घटना संभावित क्षेत्र बना हुआ है. सड़क संकरी होने और कई अंधे मोड़ होने के कारण सामने से आने वाले वाहनों का अंदाजा लगाना मुश्किल हो जाता है. 


साथ ही कई चालक मोड़ों पर हॉर्न का प्रयोग भी नहीं करते, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा बढ़ जाता है.ग्रामीणों ने प्रशासन से मार्ग पर चेतावनी संकेतक बोर्ड लगाने, खतरनाक मोड़ों का चौड़ीकरण कराने तथा नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित करने की मांग की है. उनका कहना है कि यदि समय रहते सड़क सुरक्षा के प्रभावी उपाय नहीं किए गए तो भविष्य में कोई बड़ा हादसा हो सकता है.

 

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही