Amit Kumar
Nowamundi News : जिले के नोवामुंडी प्रखंड की बड़ाजामदा के फुटबॉल मैदान स्थित वेल्डन फ्यूचर एकेडमी स्कूल में गुरुवार को श्री कृष्ण जन्मोत्सव कार्यक्रम का आयोजन किया गया. इस अवसर पर बच्चों के लिए विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किए गए.
नर्सरी से यूकेजी तक के बच्चों के लिए विशेष राधा-कृष्ण वेशभूषा व रूप सज्जा प्रतियोगिता रखी गई, जिसमें बच्चों ने राधा-कृष्ण का रूप धारण कर उत्साहपूर्वक भाग लिया. कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने झांकी सजावट, भजन-कीर्तन, नृत्य, कृष्ण कथा पर आधारित नाटक, दही-हांडी और मटकी सजावट जैसी गतिविधियों में भी हिस्सा लिया. सभी प्रतिभागी बच्चों को उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए पुरस्कृत किया गया.

बच्चो ने राधा -कृष्ण का रूप धारण किया
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय परिसर में उत्साह और उल्लास का माहौल रहा. इस अवसर पर विद्यालय के प्रभारी प्राचार्य मुकेश कुमार सिन्हा ने कहा कि जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्म का आनंदमयी और रंग-बिरंगा त्योहार है. इस अवसर पर बच्चों को कहानियों, वेशभूषा और विभिन्न गतिविधियों के माध्यम से भगवान श्रीकृष्ण की बाल लीलाओं से जोड़ा जाता है.
उन्होंने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण के संदेश के अनुसार हमें फल की चिंता किए बिना अपने कर्तव्यों का ईमानदारी से पालन करना चाहिए तथा विपरीत परिस्थितियों में भी सत्य और न्याय का साथ देना चाहिए. उन्होंने विद्यालय परिवार की ओर से सभी को जन्माष्टमी की शुभकामनाएं दीं.
मौके पर शिक्षक-शिक्षिकाओं में मनीष पूर्ति, पूनम रवानी, राखी देब महापात्रा, फिरोज खान, नामलेन पूर्ति, दीपा सिंह, खुशबू कुमारी, सोनाली बोस, अजीत गुप्ता, रेखा कुमारी, कंचन साहू, क्रिया हेम्ब्रम, रेशमा कुमारी, पूजा कुमारी, हिना कुमारी, कोमल वर्मा, खुशबू सिन्हा, पूजा साहू के अलावा विद्यालय के छात्र-छात्राएं मौजूद थे.

