Search

 
 
 

रांची विश्वविद्यालय में सत्र विलंब को लेकर NSUI का प्रदर्शन, तालाबंदी की चेतावनी

Ranchi News: NSUI नेताओं का कहना है कि जब से प्रो. सरोज शर्मा रांची विश्वविद्यालय की कुलपति बनी हैं, छात्रों को उम्मीद थी कि लंबे समय से चली आ रही सत्र की देरी दूर होगी. हालांकि  संगठन के मुताबिक करीब छह महीने बीतने के बावजूद परीक्षा और रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया में अपेक्षित तेजी नहीं आई है.
 

Ranchi News: रांची विश्वविद्यालय में छात्रों की विभिन्न समस्याओं और लगातार हो रही सत्र व परीक्षा में देरी को लेकर मंगलवार को NSUI की ओर से विरोध-प्रदर्शन किया गया. प्रदर्शन के दौरान NSUI कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए परीक्षा और लंबित सत्रों को जल्द पूरा करने की मांग की. बाद में संगठन की ओर से परीक्षा नियंत्रक को ज्ञापन सौंपा गया.

 

NSUI नेताओं का कहना है कि जब से प्रो. सरोज शर्मा रांची विश्वविद्यालय की कुलपति बनी हैं, छात्रों को उम्मीद थी कि लंबे समय से चली आ रही सत्र की देरी दूर होगी. हालांकि  संगठन के मुताबिक करीब छह महीने बीतने के बावजूद परीक्षा और रिजल्ट जारी करने की प्रक्रिया में अपेक्षित तेजी नहीं आई है.

इसे भी पढ़ें - 

 

NSUI के अनुसार, सत्र 2023-26 और 2027 के विद्यार्थियों की अब तक केवल तीसरे सेमेस्टर की परीक्षा हुई है. इसका रिजल्ट हाल ही में जारी किया गया है, जबकि चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की तिथि अब जारी की गई है.

 

वहीं सत्र 2024-27 और 2028 के विद्यार्थियों की अब तक केवल दो सेमेस्टर की परीक्षाएं हुई हैं. संगठन का कहना है कि इस समय तक कम से कम चार सेमेस्टर की परीक्षाएं हो जानी चाहिए थीं. इसी तरह सत्र 2025-28 और 2029 के विद्यार्थियों की अब तक केवल प्रथम सेमेस्टर की परीक्षा हुई है, जिसका रिजल्ट अभी जारी नहीं किया गया है.

 

NSUI ने आरोप लगाया कि जब भी छात्र आंदोलन की तैयारी करते हैं, विश्वविद्यालय प्रशासन आनन-फानन में परीक्षा या रिजल्ट से संबंधित अधिसूचना जारी करता है. संगठन ने यह भी आरोप लगाया कि कई परीक्षाओं के रिजल्ट में बड़ी संख्या में छात्रों को फेल किया जा रहा है.

 

संगठन का कहना है कि एक तरफ विश्वविद्यालय समय पर परीक्षाएं नहीं करा पा रहा है, वहीं दूसरी ओर परीक्षा देने वाले छात्रों के रिजल्ट में बड़ी संख्या में छात्र फेल हो रहे हैं. NSUI के मुताबिक, आंदोलन की घोषणा के बाद ही चौथे सेमेस्टर की परीक्षा के लिए फॉर्म भरने की तिथि जारी की गई.

 

NSUI नेताओं ने बताया कि पिछले आंदोलन के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन की ओर से परीक्षाओं का टेंटेटिव शेड्यूल जारी किया गया था, लेकिन उसके अनुसार भी परीक्षाएं नहीं कराई जा रही हैं. संगठन ने मांग की है कि जारी टेंटेटिव शेड्यूल के अनुसार समय पर परीक्षाएं कराई जाएं और सभी लंबित सत्रों को जल्द से जल्द पूरा किया जाए.

 

NSUI का कहना है कि सत्र में देरी के कारण बड़ी संख्या में छात्र प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए आवेदन नहीं कर पा रहे हैं, जिससे उनका शैक्षणिक भविष्य प्रभावित हो रहा है.

 

संगठन ने विश्वविद्यालय प्रशासन को चेतावनी दी है कि यदि तय समय के अनुसार, परीक्षाएं आयोजित नहीं की गईं और पूरे सेमेस्टर का परीक्षा कार्यक्रम घोषित नहीं किया गया, तो NSUI दोबारा बड़ा आंदोलन करेगा. NSUI ने विश्वविद्यालय में तालाबंदी करने की भी चेतावनी दी है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

 

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही