Search

 
 
 

NEET UG 2026 के लिए NTA की नई एडवाइजरी जारी, ड्रेस कोड व बायोमेट्रिक नियमों पर खास निर्देश

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है.
 

Lagatar desk : नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने 3 मई 2026 को आयोजित होने वाली NEET (UG) 2026 परीक्षा को लेकर उम्मीदवारों के लिए नई एडवाइजरी जारी की है. परीक्षा के सुचारू संचालन को सुनिश्चित करने के लिए एजेंसी ने ड्रेस कोड, परीक्षा केंद्र में ले जाने वाली वस्तुओं और बायोमेट्रिक सत्यापन प्रक्रिया को लेकर विस्तृत दिशा-निर्देश जारी किए हैं.

 

उम्मीदवार परीक्षा केंद्र में पारदर्शी पानी की बोतल साथ ले जा सकते हैं. धार्मिक आस्था से जुड़ी वस्तुएं पहनने की भी अनुमति दी गई है, लेकिन ऐसे अभ्यर्थियों को जांच प्रक्रिया के लिए निर्धारित समय से पहले केंद्र पर पहुंचना होगा.

 

ड्रेस कोड को लेकर NTA ने हल्के और आरामदायक कपड़े पहनने की सलाह दी है. हालांकि, आवश्यकता होने पर उम्मीदवार फुल स्लीव्स या ऊनी कपड़े भी पहन सकते हैं, बशर्ते वे समय से पहले पहुंचकर जांच प्रक्रिया पूरी करें. फुटवियर के रूप में चप्पल या कम ऊंची एड़ी वाले जूते पहनने की सलाह दी गई है.

 

बायोमेट्रिक सत्यापन को परीक्षा प्रक्रिया का अनिवार्य हिस्सा बनाया गया है. प्रत्येक उम्मीदवार को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले बायोमेट्रिक प्रक्रिया से गुजरना होगा. हालांकि, तकनीकी खराबी, कनेक्टिविटी समस्या या शारीरिक अक्षमता के कारण यदि किसी उम्मीदवार का बायोमेट्रिक सत्यापन नहीं हो पाता है, तो उसे परीक्षा देने से नहीं रोका जाएगा. ऐसे मामलों में उम्मीदवार को एक लिखित अंडरटेकिंग जमा करनी होगी.

 

NTA ने यह भी स्पष्ट किया है कि परीक्षा के दौरान, दोपहर 2:00 बजे से शाम 5:00 बजे तक (PwD/PwBD उम्मीदवारों के लिए शाम 6:00 बजे तक) किसी भी प्रकार की बायोमेट्रिक प्रक्रिया के लिए उम्मीदवारों को बाधित नहीं किया जाएगा.

 

अधिक जानकारी या किसी भी तरह की सहायता के लिए उम्मीदवार NTA के हेल्पलाइन नंबर 011-40759000 या 011-69227700 पर संपर्क कर सकते हैं, अथवा neetug2026@nta.ac.in पर ईमेल भेज सकते हैं. NTA ने सभी अभ्यर्थियों से अपील की है कि वे जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें और परीक्षा व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें.

 

 

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही