Dhanbad News: शहीद निर्मल महतो मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल में एक वर्ष के बॉन्ड पर सेवा दे रहे नर्सिंग छात्रों ने वेतन भुगतान में देरी को लेकर गुरुवार को सिविल सर्जन कार्यालय के समक्ष प्रदर्शन किया. छात्रों का कहना है कि मार्च में ज्वाइनिंग के बाद लगातार सेवा देने के बावजूद अब तक छह से सात महीने का वेतन नहीं मिला है.
इसे भी पढ़ें:
प्रदर्शन कर रही छात्रा संध्या कुमारी ने बताया कि वेतन भुगतान को लेकर उन्हें लगातार सिविल सर्जन कार्यालय और अस्पताल अधीक्षक कार्यालय के चक्कर लगाने पड़ रहे हैं. हर बार दस्तावेज लंबित होने की बात कही जाती है, लेकिन यह स्पष्ट नहीं किया जाता कि कौन-सा दस्तावेज अधूरा है या किस अधिकारी के हस्ताक्षर बाकी हैं.
छात्रों ने बताया कि वे इस समस्या को लेकर पिछले कुछ समय में तीन-चार बार कार्यालय आ चुके हैं. सिविल सर्जन से मुलाकात नहीं हो पा रही है और अधीक्षक कार्यालय से भी स्पष्ट जानकारी नहीं मिल रही है.
छात्रों के अनुसार वे करीब 50 नर्सिंग छात्र हैं जो बॉन्ड के तहत पासआउट होने के बाद एक वर्ष तक सेवा दे रहे हैं. छात्रों ने जल्द से जल्द लंबित वेतन का भुगतान करने के साथ ही पूरी प्रक्रिया को स्पष्ट करने की मांग की है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

