Giridih News : स्वच्छता ही सेवा–2026 अभियान के अंतर्गत गुरुवार को समाहरणालय परिसर में एक दिन, एक घंटा, एक साथ स्वच्छता श्रमदान कार्यक्रम आयोजित किया गया. कार्यक्रम में उपायुक्त रामनिवास यादव सहित जिले के वरीय पदाधिकारी, नगर आयुक्त व कर्मियों ने सक्रिय भागीदारी करते हुए परिसर की सफाई की.
कार्यक्रम के दौरान समाहरणालय परिसर के विभिन्न भागों, कार्यालयों व आसपास के क्षेत्रों में व्यापक सफाई अभियान चलाया गया. अनावश्यक कचरा और गंदगी हटाकर परिसर को स्वच्छ व व्यवस्थित बनाया गया. इस अवसर पर पर्यावरण संरक्षण के उद्देश्य से पौधारोपण भी किया गया.
मौके पर उपायुक्त रामनिवास यादव ने कहा कि स्वच्छता केवल एक अभियान तक सीमित नहीं है, बल्कि यह प्रत्येक नागरिक की सामूहिक जिम्मेदारी और दैनिक जीवन का अभिन्न हिस्सा होनी चाहिए. उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण स्वस्थ समाज की आधारशिला है.उन्होंने जिलेवासियों से अपने घर, कार्यालय, सार्वजनिक स्थलों व आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखने, कचरे का उचित प्रबंधन करने तथा अधिक से अधिक पौधारोपण को दिनचर्या का हिस्सा बनाने की अपील की.
पदाधिकारियों व कर्मियों की सामूहिक भागीदारी से स्वच्छ, सुंदर व हरित समाहरणालय परिसर के निर्माण का संदेश दिया गया. जिला प्रशासन ने कहा कि स्वच्छ गिरिडीह बनाने में प्रशासन के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है.

