Search

 
 
 

Jharkhand News : संविधान दिवस पर जामताड़ा और गुमला में अधिकारियों ने ली शपथ

Jharkhand News : समारोह के दौरान सभी ने संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों को आत्मसात करने और अपने न्यायिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और पूरी निष्ठा से करने की शपथ ली. इस मौके पर संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता और अखंडता का मजबूत आधार बताया गया.
 
न्यायिक पदाधिकारियों

Jharkhand News : संविधान दिवस पर गुरुवार को झारखंड के जामताड़ा और गुमला जिले में विभिन्न सरकारी एवं न्यायिक संस्थानों में कार्यक्रम आयोजित किए गए. इस दौरान न्यायिक पदाधिकारियों, प्रशासनिक अधिकारियों और कर्मचारियों ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ कर उसके मूल आदर्शों और मूल्यों के प्रति अपनी निष्ठा व्यक्त की. सभी ने न्याय, स्वतंत्रता, समानता और बंधुता के सिद्धांतों को अपने कार्यों और जीवन में अपनाने का संकल्प लिया.

 

इसे भी पढ़ें...

 

 

जामताड़ा व्यवहार न्यायालय में न्यायिक अधिकारियों ने ली शपथ

जामताड़ा स्थित व्यवहार न्यायालय परिसर में आयोजित समारोह में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनुज कुमार समेत कई न्यायिक पदाधिकारी और न्यायालय कर्मी शामिल हुए. कार्यक्रम में फैमिली जज राजेश कुमार, एडीजे-1 अजय कुमार श्रीवास्तव, सीजेएम नीतीश निलेश सांगा, एसीजेएम एमडी नईम अंसारी, एसडीजेएम अमित अल्डा, डीएलएसए सचिव पवन कुमार और कोर्ट मैनेजर शुभेंदु मोहंती सहित अन्य लोग मौजूद रहे.

Uploaded Image

अधिकारियों ने ली शपथ

 

समारोह के दौरान सभी ने संविधान की प्रस्तावना में निहित आदर्शों को आत्मसात करने और अपने न्यायिक एवं प्रशासनिक दायित्वों का निर्वहन ईमानदारी, निष्पक्षता और पूरी निष्ठा से करने की शपथ ली. इस मौके पर संविधान को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, एकता और अखंडता का मजबूत आधार बताया गया.

 

गुमला समाहरणालय में अधिकारियों ने किया प्रस्तावना का पाठ

वहीं, गुमला जिला मुख्यालय स्थित समाहरणालय परिसर में भी संविधान दिवस पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किया गया. इसमें डीसी दिलेश्वर महतो, पुलिस अधीक्षक हरीश बिन जमा, डीडीसी अनिमेष रंजन, अपर समाहर्ता समेत जिले के तमाम वरीय पदाधिकारी और जिला स्तरीय कर्मी शामिल हुए.

 

इस दौरान सभी ने भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक पाठ किया और देश को संपूर्ण प्रभुत्व-संपन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष एवं लोकतंत्रात्मक गणराज्य बनाए रखने के संवैधानिक संकल्प को दोहराया.

 

अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने नागरिकों को सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता तथा प्रतिष्ठा और अवसर की समानता सुनिश्चित करने के आदर्शों के प्रति अपनी प्रतिबद्धता जताई. साथ ही व्यक्ति की गरिमा और राष्ट्र की एकता एवं अखंडता को मजबूत करने वाली बंधुता की भावना को बढ़ावा देने का संकल्प लिया.

 

प्रखंड और सरकारी कार्यालयों में भी हुए कार्यक्रम

गुमला जिले के सभी प्रखंड कार्यालयों और अन्य सरकारी संस्थानों में भी संविधान दिवस के अवसर पर शपथ ग्रहण कार्यक्रम आयोजित किए गए. इन कार्यक्रमों में अधिकारियों और कर्मचारियों ने संविधान की प्रस्तावना पढ़कर लोकतांत्रिक व्यवस्था, संवैधानिक मूल्यों और अपने कर्तव्यों के प्रति समर्पण दोहराया.

 

उल्लेखनीय है कि 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा द्वारा भारतीय संविधान को अंगीकृत किया गया था. इसी ऐतिहासिक दिवस की स्मृति में प्रत्येक वर्ष 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है. यह दिवस भारतीय लोकतंत्र की मजबूती, संवैधानिक अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूकता तथा संविधान में निहित न्याय, स्वतंत्रता, समता एवं बंधुता के आदर्शों को आत्मसात करने का संदेश देता है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही