Ranchi: नगर निकाय चुनाव के प्रचार के बीच मेयर प्रत्याशी प्रवीण कच्छप से लगातार न्यूज़ के संवाददाता बसंत मुंडा और श्रेया गुप्ता ने खास बातचीत की. शहर के ज्वलंत मुद्दों पर उनसे सीधे सवाल किए गए.
सवाल 1: शहर में पेयजल संकट और सप्लाई वाटर की बर्बादी को रोकने के लिए आपका प्लान क्या है
जवाब: मेरी पहली प्राथमिकता नल-जल योजना को हर घर तक पहुंचाना है. योजना लागू है, लेकिन मॉनिटरिंग की कमी के कारण कई लोग अब भी लाभ से वंचित हैं. नियमित समीक्षा बैठक कर व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा.
सवाल 2: शहर की सफाई व्यवस्था अक्सर सवालों में रहती है, क्या आप कोई नई व्यवस्था लागू करेंगे?
जवाब: अभी नगर निगम में आउटसोर्सिंग के माध्यम से सफाईकर्मी काम कर रहे हैं. मैं सफाईकर्मियों के स्थायीकरण और नियमितीकरण पर जोर दूंगा, ताकि वे पूरी जिम्मेदारी और मन लगाकर काम करें और शहर साफ-सुथरा बने.
सवाल 3: जनता आपको मेयर क्यों चुनेंगे? आपकी सबसे बड़ी ताकत क्या है?
जवाब: मैं वर्षों से जनता के बीच रहा हूं और उनकी समस्याओं को करीब से समझा है. सिर्फ सुनने नहीं, बल्कि समाधान करने का प्रयास किया है. सरकारी योजनाओं को जमीन पर उतारने और नगर निगम के कार्यों में स्थानीय लोगों की भागीदारी बढ़ाना मेरी प्राथमिकता होगी.
सवाल 4: झुग्गी-झोपड़ी और गरीब इलाकों के लिए आपकी क्या खास योजना है?
जवाब: सबसे पहले झुग्गी-झोपड़ी में रहने वाले गरीब परिवारों को चिन्हित किया जाएगा. उन्हें व्यवस्थित तरीके से बसाने की योजना बनाई जाएगी. साथ ही गिफ्ट डीड के नाम पर अवैध कब्जा कराने वाले अधिकारियों पर सख्त कार्रवाई करते हुए उन्हें ब्लैकलिस्ट किया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.



Leave a Comment