Dhanbad: झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के.रवि कुमार ने कहा है कि 30 जून से 29 जुलाई तक चलने वाले विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान के दौरान बूथ लेवल अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन करेंगे. इस दौरान बीएलओ यह भी सुनिश्चित करेंगे कि प्रत्येक मतदाता की मैपिंग पिछली विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची से हो जाए.
इसे भी पढ़ें:
जिन मतदाताओं की मैपिंग पूरी हो जाएगी उन्हें सामान्य परिस्थितियों में नागरिकता संबंधी कोई अतिरिक्त दस्तावेज जमा करने की आवश्यकता नहीं होगी.
सोमवार को धनबाद दौरे पर पहुंचे मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने जिला निर्वाचन पदाधिकारी सह उपायुक्त आदित्य रंजन के साथ जिले में चल रही विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान की तैयारियों की समीक्षा की. इस दौरान उन्होंने कोहिनूर मैदान स्थित ईवीएम वेयरहाउस का निरीक्षण भी किया. निरीक्षण के समय विभिन्न मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधि भी मौजूद रहे.
इसके बाद उन्होंने भूली बस्ती स्थित मतदान केंद्र संख्या-38 (उत्क्रमित मध्य विद्यालय) तथा मतदान केंद्र संख्या-210 (गुरुनानक मध्य विद्यालय) का निरीक्षण कर बीएलओ द्वारा किए जा रहे कार्यों और तैयारियों का जायजा लिया.
मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी ने बताया कि बीएलओ प्रत्येक मतदाता को आंशिक रूप से भरा हुआ एन्यूमरेशन फॉर्म दो प्रतियों में उपलब्ध कराएंगे. मतदाता फॉर्म भरकर एक प्रति बीएलओ को जमा करेंगे जबकि दूसरी प्रति पावती के रूप में अपने पास सुरक्षित रखेंगे. जो भी मतदाता निर्धारित समय में फॉर्म जमा करेंगे उनका नाम 5 अगस्त को प्रकाशित होने वाली प्रारूप मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
उन्होंने स्पष्ट किया कि एन्यूमरेशन फॉर्म भरते समय सामान्य रूप से किसी भी दस्तावेज की आवश्यकता नहीं होगी. हालांकि जिन मतदाताओं की पिछली मतदाता सूची से मैपिंग नहीं हो पाएगी उन्हें निर्वाचन निबंधन पदाधिकारी (ईआरओ) की ओर से नोटिस जारी किया जाएगा.
नोटिस मिलने के बाद संबंधित मतदाता आवश्यक दस्तावेज बीएलओ के माध्यम से जमा करेंगे जिसके बाद उनका नाम अंतिम मतदाता सूची में शामिल किया जाएगा.
के. रवि कुमार ने भारतीय संविधान के अनुच्छेद-326 का उल्लेख करते हुए कहा कि निर्वाचन आयोग का उद्देश्य है कि कोई भी पात्र भारतीय नागरिक मतदाता सूची से वंचित न रहे और कोई भी अपात्र व्यक्ति सूची में शामिल न हो.इसी उद्देश्य से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है.
मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि 30 जून से शुरू होने वाला यह अभियान पूरी तरह पारदर्शी होगा. इसकी प्रत्येक प्रक्रिया में राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी और सभी चरणों की जानकारी उन्हें उपलब्ध कराई जाएगी.
उन्होंने जिले के सभी मतदाताओं से अपील की कि वे गणना प्रपत्र (एन्यूमरेशन फॉर्म) समय पर भरें और बीएलओ को पूरा सहयोग दें ताकि जिले की मतदाता सूची त्रुटिरहित और अद्यतन बनाई जा सके.
इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सन्नी राज, नगर आयुक्त आशीष गंगवार, उप निर्वाचन पदाधिकारी कालिदास मुंडा, अनुमंडल पदाधिकारी लोकेश बारंगे, एडीएम लॉ एंड ऑर्डर अरविंद कुमार ओझा, अपर समाहर्ता प्रदीप कुमार शुक्ला, डीआरडीए निदेशक राजीव रंजन, एलआरडीसी दिलीप कुमार महतो सहित सभी विधानसभा क्षेत्रों के एईआरओ एवं निर्वाचन विभाग के अन्य अधिकारी उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment