Ranchi : झारखंड के तीन आईपीएस अधिकारियों समेत 29 पुलिस अधिकारियों और कर्मियों को स्वतंत्रता दिवस पर उनकी विशिष्ट, वीरतापूर्ण और सराहनीय सेवा के लिए पुलिस पदक से सम्मानित किया जाएगा.
गृह विभाग की ओर से जारी सूची के अनुसार, एक एएसआई को विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक, पांच पुलिसकर्मियों को वीरता पदक और तीन आईपीएस समेत 23 पुलिस अधिकारियों व कर्मियों को सराहनीय सेवा के लिए पदक दिया जाएगा. इस बार पांच महिला पुलिसकर्मी भी पदक पाने वालों में शामिल हैं.
विशिष्ट सेवा के लिए राष्ट्रपति पदक जैप-1 के एएसआई कैलाश प्रसाद श्रेष्ठ को दिया जाएगा. वीरता के लिए पदक पाने वालों में लातेहार के सब इंस्पेक्टर विनय कुमार, आईआरबी-4 लातेहार के एएसआई प्रमोद कुमार राय, लातेहार जिला बल के आरक्षी वेद प्रकाश महतो और रामचंद्र कुमार महतो तथा आईआरबी-1 जामताड़ा के आरक्षी कृष्णा मुर्मू शामिल हैं.
सराहनीय सेवा के लिए पदक पाने वालों में आईजी रेल डॉ. माईकेलराज एस, केंद्रीय प्रतिनियुक्ति पर तैनात आईपीएस अन्नेपु विजयालक्ष्मी और डीआईजी कोल्हान अनुरंजन किस्पोट्टा शामिल हैं. इनके अलावा स्पेशल ब्रांच के डीएसपी नीरज कुमार, वायरलेस के इंस्पेक्टर अरूण कुमार, एसटीएफ के इंस्पेक्टर मनोज कुमार राय, आईटीएस रांची के इंस्पेक्टर असित कुमार मोदी, एसटीएफ के एएसआई अरविंद कुमार पालित, वशिष्ठ कुंवर, संजीव कुमार झा और विजय कुमार को भी पदक मिलेगा.
सराहनीय सेवा के लिए रांची जिला के एएसआई दीपक पुंज, सीआईडी के एएसआई महेंद्र महतो, एसटीएफ के हवलदार इकबाल, हवलदार बिन्दराय मुण्डरी और हवलदार विजय थापा, जैप-10 होटवार की महिला आरक्षी मान्ती खलखो, प्रभा देवी और महिला हवलदार रंजिता कुजूर को भी सम्मानित किया जाएगा. इसके अलावा गढ़वा के आरक्षी विदेशी मांझी, चतरा के आरक्षी अजय कुमार दूबे, जैप-10 की महिला आरक्षी पुष्पा ओड़ेया और गुमला के आरक्षी दीपक कुमार सिंह को सराहनीय सेवा पदक दिया जाएगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें
