Ranchi: राजधानी में इस वर्ष भी ईद के अवसर पर मस्जिदों से रक्तदान को लेकर जागरूकता का सकारात्मक असर देखने को मिला. लहू बोलेगा रक्तदान संगठन रांची की अपील पर रातू रोड ईदगाह, डोरंडा ईदगाह समेत शहर की कई मस्जिदों में धर्मगुरुओं ने लोगों से रक्तदान-महादान करने की अपील की.
धर्मगुरुओं ने अपने संदेश में कहा कि ब्लड बैंक में खून की कमी को दूर करने के लिए आम लोगों को आगे आना चाहिए. थैलेसीमिया, सिकल सेल, ब्लड कैंसर जैसी गंभीर बीमारियों से जूझ रहे मरीजों और सड़क दुर्घटना के घायलों के लिए रक्तदान बेहद जरूरी है.
इस अभियान में हजरत डॉ असगर मिस्बाही, सूफी हजरत सयैद अलकमा शिबली, हजरत डॉ मौलाना ओबैदुल्लाह कासमी, हजरत शहर काजी मसूद फरीदी, हजरत शहर काजी मुफ्ती कमरे आलम, झारखंड एदारा-ए-शरिया के कारी अय्यूब और नाजिमे आला कुतुबुद्दीन रिजवी समेत कई धर्मगुरुओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई.
लहू बोलेगा संगठन ने सभी धर्मगुरुओं का आभार जताते हुए कहा कि उनके सहयोग से झारखंड में रक्तदान के प्रति जागरूकता बढ़ रही है और यह अभियान लगातार मजबूत हो रहा है. संगठन ने उम्मीद जताई कि भविष्य में भी इसी तरह समाज के सभी वर्ग रक्तदान के इस महाअभियान में भाग लेते रहेंगे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.


Leave a Comment