Search

 
 
 

विश्व स्वास्थ्य दिवस पर इरफान अंसारी का ऐलान, झारखंड में लागू होगा हेल्थ कार्ड

विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं.
 

Ranchi : विश्व स्वास्थ्य दिवस के अवसर पर झारखंड के स्वास्थ्य मंत्री इरफान अंसारी ने राज्यवासियों को शुभकामनाएं देते हुए स्वास्थ्य व्यवस्था को लेकर कई अहम घोषणाएं कीं. मीडिया से बातचीत में उन्होंने कहा कि स्वस्थ शरीर के बिना धन का कोई महत्व नहीं है और लोगों को अपनी जीवनशैली में सुधार करना जरूरी है. उन्होंने रोजाना 30 मिनट व्यायाम, योग और फलाहार को अपनाने की सलाह दी ताकि लोग बेहतर और स्वस्थ जीवन जी सकें.

 

उन्होंने बताया कि राज्य सरकार स्वास्थ्य की गारंटी देने की दिशा में काम कर रही है. इसके तहत एक हेल्थ कार्ड योजना लाने की तैयारी है. इस योजना का उद्देश्य यह है कि बच्चे के जन्म के साथ ही उसे स्वास्थ्य सुरक्षा से जोड़ दिया जाए, ताकि भविष्य में इलाज को लेकर परिवार को आर्थिक चिंता न हो.

 

रक्त की उपलब्धता को लेकर मंत्री ने कहा कि कोर्ट के कुछ निर्देशों के कारण फिलहाल दिक्कतें सामने आ रही हैं. इस समस्या के समाधान के लिए सरकार एक नई एजेंसी लाने जा रही है, जो जिला अस्पतालों, निजी अस्पतालों और मेडिकल कॉलेजों जैसे एमजीएम, धनबाद और दुमका में ब्लड उपलब्ध कराएगी. इसके लिए जल्द ही एक टोल फ्री नंबर भी जारी किया जाएगा ताकि लोगों को आसानी से मदद मिल सके.

 

उन्होंने कहा कि पिछले एक साल में झारखंड की स्वास्थ्य सेवाओं में उल्लेखनीय सुधार हुआ है. भारत सरकार के आंकड़ों के अनुसार राज्य स्वास्थ्य के क्षेत्र में देश में तीसरे स्थान पर पहुंच गया है. उन्होंने इस उपलब्धि का श्रेय डॉक्टरों और स्वास्थ्य कर्मियों की मेहनत को दिया और भरोसा जताया कि जल्द ही झारखंड को पहले स्थान पर लाया जाएगा.

 

स्वास्थ्य व्यवस्था को और मजबूत करने के लिए बड़े पैमाने पर नियुक्तियों की घोषणा भी की गई. उन्होंने बताया कि जल्द ही 1200 डॉक्टरों की बहाली होगी. इसके अलावा 7500 एएनएम और जीएनएम की नियुक्ति की जाएगी, जो पिछले तीन साल से लंबित थी.

 

साथ ही 10000 तकनीशियनों की भर्ती भी की जाएगी. हर अस्पताल में हॉस्पिटल मैनेजर की नियुक्ति की जाएगी ताकि मरीजों की शिकायतों का तुरंत समाधान हो सके.

 

विवादों पर जवाब देते हुए मंत्री ने कहा कि चाईबासा और सदर अस्पताल में गलत जांच रिपोर्ट, जिसमें एचआईवी से जुड़े आरोप भी शामिल हैं, उसकी जांच कराई जाएगी. हालांकि उन्होंने सदर अस्पताल के कामकाज का बचाव भी किया.

 

उन्होंने कहा कि कई बार मरीज पुराने दस्तावेज दिखाकर भी भ्रम की स्थिति पैदा कर देते हैं. रिम्स के निदेशक द्वारा अपने बेटे को नौकरी देने के मामले को उन्होंने तकनीकी विषय बताते हुए कहा कि इसकी भी जांच की जा रही है.

 

असम दौरे से लौटे मंत्री ने वहां के सामाजिक माहौल की सराहना की और भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि समाज में नफरत फैलाने की कोशिश हो रही है. उन्होंने राहुल गांधी का आभार जताया कि उन्हें बंगाल में स्टार प्रचारक बनाया गया है.

 

साथ ही असम पुलिस द्वारा पवन खेड़ा के खिलाफ की जा रही कार्रवाई की आलोचना करते हुए इसे सत्ता का दुरुपयोग बताया. उन्होंने यह भी कहा कि उन्होंने असम का गमछा पहना है और चुनाव परिणाम आने तक इसे पहनकर रखेंगे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही