Business News : भारतीय जीवन बीमा निगम (LIC) अब HDFC बैंक में अपनी हिस्सेदारी बढ़ा सकेगी. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) ने LIC को HDFC बैंक की कुल पेड-अप शेयर कैपिटल या वोटिंग राइट्स में 9.99% तक हिस्सेदारी खरीदने की मंजूरी दे दी है.
HDFC बैंक ने शेयर बाजार को यह जानकारी दी है. बैंक ने बताया है कि LIC ने हिस्सेदारी बढ़ाने के लिए RBI से अनुमति मांगी थी. मंजूरी मिलने के बाद अब LIC के पास बैंक के और शेयर खरीदने का रास्ता खुल गया है. बता दें कि फिलहाल LIC के पास HDFC बैंक की 4.11% हिस्सेदारी है.
नई मंजूरी के बाद LIC इसे बढ़ाकर करीब 10% तक कर सकती है. यानी LIC बैंक की लगभग 5.88% अतिरिक्त हिस्सेदारी खरीद सकती है. हालांकि, LIC को हिस्सेदारी बढ़ाते समय कई नियमों का पालन करना होगा. इसमें बैंकिंग रेगुलेशन एक्ट, 1949, RBI के 2025 के शेयरहोल्डिंग नियम, FEMA, SEBI के नियम और अन्य लागू कानून शामिल हैं.
HDFC बैंक का मुनाफा कितना बढ़ा?
LIC को यह मंजूरी ऐसे समय मिली है जब HDFC बैंक ने वित्त वर्ष 2026-27 की पहली तिमाही के नतीजे जारी किए हैं. अप्रैल से जून 2026 के बीच बैंक का स्टैंडअलोन नेट प्रॉफिट 19,059.72 करोड़ रहा. यह पिछले साल की समान तिमाही के मुकाबले करीब 4.98% ज्यादा है.
इस दौरान बैंक की नेट इंटरेस्ट इनकम (NII) 6.7% बढ़कर 33,535.95 करोड़ पहुंच गई. हालांकि, यह बाजार के अनुमान 34,353 करोड़ से कम रही. बैंक का नेट इंटरेस्ट मार्जिन (NIM) कुल एसेट के आधार पर 3.26% और ब्याज कमाने वाले एसेट के आधार पर 3.40% रहा.
डिपॉजिट और लोन में भी बढ़ोतरी
HDFC बैंक के औसत डिपॉजिट में सालाना आधार पर 10.8% की बढ़ोतरी हुई और यह 30,386 अरब पहुंच गया. वहीं बैंक की कुल लोन बुक यानी एडवांस 13.3% बढ़कर 30,115 अरब हो गया. हालांकि, बैंक की एसेट क्वालिटी में मामूली गिरावट दिखी. जून 2026 के अंत में बैंक का ग्रॉस NPA बढ़कर 1.17% हो गया, जबकि मार्च 2026 में यह 1.15% था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

