Jamshedpur News : सिदगोड़ा थाना क्षेत्र के बाबूडीह में बुधवार देर रात करीब 12 बजे डीजे बंद कराने पहुंची पुलिस टीम पर पथराव किया गया. इस दौरान पुलिस वाहन में तोड़फोड़ भी की गई. इस घटना में एएसआई कृष्ण कुमार घायल हो गए, जिनका इलाज एमजीएम अस्पताल में कराया गया.
जानकारी के अनुसार, डायल 112 पर तेज आवाज में डीजे बजाने और डांस करने की शिकायत मिली. इसके बाद पुलिस की टीम डीजे बंद कराने के लिए पहुंची. इसी दौरान कुछ युवक नशे की हालत में पुलिस से उलझ गए और टीम पर हमला कर दिया.
आरोप है कि युवकों ने पुलिसकर्मियों से मारपीट की कोशिश की और एएसआई का मोबाइल फोन छीन लिया. साथ ही पुलिस राइफल छीनने का भी प्रयास किया गया. स्थिति बिगड़ती देख पुलिस ने हल्के बल का प्रयोग कर हालात को नियंत्रित किया और पांच युवकों को हिरासत में लेकर थाने ले गई.
घटना के बाद हिरासत में लिए गए युवकों के परिजन और कुछ बस्तीवासी सिदगोड़ा थाना पहुंचे और पुलिस की कार्रवाई पर सवाल उठाते हुए लोगों की पिटाई करने का आरोप लगाया. (जमशेदपुर की खबरें पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें...)
इधर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए हंगामा करने वाले युवकों के खिलाफ पुलिस टीम पर हमला करने और सरकारी काम में बाधा डालने के आरोप में मामला दर्ज करने की तैयारी शुरू कर दी है. फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है और यह पता लगाया जा रहा है कि पथराव व तोड़फोड़ में कौन-कौन लोग शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

