Bokaro News: बोकारो के बीएस सिटी थाना क्षेत्र में गरगा पुल के पास स्थित शनि मंदिर में रहने वाले नागा साधु दिगंबर रघुवर पुरी दास की कुछ युवकों ने पिटाई कर दी. विवाद के दौरान युवकों ने साधु कार को भी तोड़ दिया. वहीं, मारपीट का वीडियो बना रहे एक युवक के साथ भी मारपीट की गई. घटना के बाद इलाके में आक्रोश फैल गया.
इसे भी पढ़ें:
मामले की जानकारी मिलते ही पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कुंवर सिंह कॉलोनी के पास से एक आरोपी युवक को हिरासत में लिया और उसे घटनास्थल पर लेकर पहुंची. इसी दौरान जब पुलिस आरोपी को थाने ले जाने लगी, तो वहां मौजूद भीड़ ने युवक पर हमला कर दिया और उसकी जमकर पिटाई करने लगी. हालांकि, पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को भीड़ से बचाया और थाने ले गई.
मारपीट में घायल नागा साधु को इलाज के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया है. वहीं, घटना के बाद पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है. पीड़ित नागा बाबा ने बताया कि पंप से तेल लेकर निकले थे. इसी दौरान युवकों से कहा सुनी हुई थी. गाड़ी में साथ बैठे व्यक्ति से हाथा पाई हो गई. उसके बाद युवकों के अन्य सहयोगी पहुंचे और मारपीट की.
डीएसपी सिटी राजीव रंजन ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एक युवक को हिरासत में लिया है. विवाद की असली वजह का पता लगाया जा रहा है. उन्होंने कहा कि यदि पुलिस की मौजूदगी में आरोपी के साथ मारपीट हुई है, तो इसकी भी जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

