Search

 
 
 

बोकारो में पत्रकार से कथित दुर्व्यवहार पर नाराजगी, जांच और कार्रवाई की मांग तेज

जिले में एक पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना सामने आने के बाद पत्रकारिता जगत में नाराजगी बढ़ गई है. स्थानीय मीडिया से जुड़े पत्रकार युधिष्ठिर महतो ने चास-बोकारो क्षेत्र में पदस्थापित महिला एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट जया कुमारी पर अधिकारों के दुरुपयोग और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. मामले को लेकर पत्रकार संगठनों ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग उठाई है.
 

Bokaro : जिले में एक पत्रकार के साथ कथित दुर्व्यवहार की घटना सामने आने के बाद पत्रकारिता जगत में नाराजगी बढ़ गई है. स्थानीय मीडिया से जुड़े पत्रकार युधिष्ठिर महतो ने चास-बोकारो क्षेत्र में पदस्थापित महिला एग्जीक्यूटिव मजिस्ट्रेट जया कुमारी पर अधिकारों के दुरुपयोग और अभद्र व्यवहार का आरोप लगाया है. मामले को लेकर पत्रकार संगठनों ने निष्पक्ष जांच और उचित कार्रवाई की मांग उठाई है.

 

युधिष्ठिर महतो का कहना है कि वह अपने पेशेगत कार्य के दौरान तस्वीर ले रहे थे. इसी दौरान एक वाहन में मौजूद महिला अधिकारी बाहर आईं और कथित तौर पर उनसे तीखी बहस करने लगीं. पत्रकार का आरोप है कि बातचीत के दौरान उनके साथ अभद्रता की गई और बाद में पुलिस पेट्रोलिंग वाहन से उन्हें पिंड्राजोरा थाना ले जाया गया. वहां कुछ देर तक बैठाए रखने की भी बात सामने आई है.

 

घटना की जानकारी मिलते ही जिले के कई पत्रकार और मीडिया कर्मी पिंड्राजोरा थाना पहुंचे. पत्रकारों ने संबंधित अधिकारी के खिलाफ लिखित शिकायत सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराने की मांग की.

 

पत्रकार युधिष्ठिर महतो ने कहा कि वह लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हैं और हमेशा निष्पक्ष तरीके से अपनी जिम्मेदारी निभाते रहे हैं. उन्होंने कहा कि इस घटना से उनकी प्रतिष्ठा को ठेस पहुंची है. वहीं, जिले के पत्रकारों में भी इस घटना को लेकर नाराजगी देखी जा रही है.

 

पत्रकार संगठनों का कहना है कि मामले की पारदर्शी जांच होनी चाहिए और जो भी तथ्य सामने आएं, उसके आधार पर उचित कार्रवाई की जाए. घटना के बाद जिले में प्रेस की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही