Ranchi : भारतीय सूचना प्रौद्योगिकी संस्थान (IIIT) ने गवर्नमेंट टीचर्स ट्रेनिंग कॉलेज (IASE) के सहयोग से अखिल भारतीय शिक्षा समागम (ABSS) 2026 के तहत एनईपी 2020: एजुकेशन फॉर विकसित भारत@2047 विषय पर एक आउटरीच कार्यक्रम का आयोजन किया.
कार्यक्रम का आयोजन IIIT के निदेशक प्रो. राजीव श्रीवास्तव के मार्गदर्शन में किया गया. इसमें राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) 2020 के विजन, उसके प्रभावी क्रियान्वयन और विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने में शिक्षा की भूमिका पर विस्तृत चर्चा हुई.
कार्यक्रम के दौरान IIIT रांची के संकाय सदस्यों डॉ. गौरव सुंदरम, डॉ. राजेश द्विवेदी, डॉ. अंकिता कुमारी, डॉ. नूपुर और डॉ. एन. किशोर बाबू ने एनईपी 2020 के प्रमुख सुधारों पर अपने विचार साझा किए. उन्होंने बहुविषयक शिक्षा, नवाचार, अनुसंधान, कौशल विकास तथा उच्च शिक्षण संस्थानों की बदलती भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि ये सभी पहलू विकसित भारत@2047 के निर्माण में महत्वपूर्ण योगदान देंगे.
इस अवसर पर प्रो.राजीव श्रीवास्तव ने कहा कि राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 समावेशी, बहुविषयक और भविष्य की आवश्यकताओं के अनुरूप शिक्षा व्यवस्था विकसित करने का एक परिवर्तनकारी ढांचा प्रस्तुत करती है.
उन्होंने शिक्षकों और विद्यार्थियों से नवाचार, सहयोग और सतत सीखने की भावना के साथ विकसित भारत@2047 के लक्ष्य को साकार करने में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया.कार्यक्रम में शिक्षकों, शैक्षणिक विशेषज्ञों, हितधारकों और बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया. इस दौरान शिक्षा के माध्यम से विकसित भारत@2047 के विजन को साकार करने में उच्च शिक्षा संस्थानों की भूमिका पर सार्थक विचार-विमर्श किया गया.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


Leave a Comment