Simdega News: झारखंड के प्रसिद्ध राजकीय रामरेखा मेला को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने में सिमडेगा पुलिस की अहम भूमिका रही. झारखंड के अलावा छत्तीसगढ़, ओडिशा सहित अन्य राज्यों से करीब डेढ़ लाख श्रद्धालु मेले में पहुंचे. श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए पुलिस ने सुरक्षा, यातायात प्रबंधन एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए व्यापक इंतजाम किए थे. पूरे मेला अवधि में करीब 170 पुलिस पदाधिकारियों सहित 500 पुलिसकर्मी, होमगार्ड एवं चौकीदार तीन शिफ्टों में 24 घंटे मुस्तैद रहे.
महिला श्रद्धालुओं की सुरक्षा को लेकर 120 महिला पुलिसकर्मियों की विशेष तैनाती की गई थी. इसके अलावा मेला क्षेत्र में नियमित गश्ती दलों के साथ नौ मोटरसाइकिल गश्ती दल एवं पैदल गश्ती दल लगातार भ्रमणशील रहे. पुलिसकर्मी भीड़ एवं संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखते हुए सुरक्षा व्यवस्था संभालते रहे.
इसे भी पढ़ें:
मेले में आने वाले श्रद्धालुओं एवं आम नागरिकों की सुविधा के लिए कुल 12 पार्किंग स्थल चिह्नित किए गए थे. इनमें वीआईपी, वीवीआईपी, बड़े एवं छोटे वाहन तथा मोटरसाइकिलों के लिए अलग-अलग पार्किंग की व्यवस्था की गई थी. इससे मेला क्षेत्र में यातायात का दबाव कम रखने और जाम की स्थिति से बचने में मदद मिली.
बिछड़े दो बच्चों को परिजनों से मिलाया
मेले में भारी भीड़ के बीच अपने माता-पिता से बिछड़े दो बच्चों को पुलिस की तत्परता से सकुशल बरामद किया गया. आवश्यक सत्यापन के बाद दोनों बच्चों को उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया. पुलिस की इस तत्परता से श्रद्धालुओं को राहत मिली.
एसपी ने पुलिसकर्मियों के कार्यों की सराहना की
मेला शांतिपूर्ण संपन्न होने के बाद एसपी श्रीकांत एस. खोटरे ने सुरक्षा एवं विधि-व्यवस्था में प्रतिनियुक्त सभी पुलिस पदाधिकारियों, जवानों, होमगार्ड, चौकीदारों एवं संबंधित पुलिस इकाइयों के कार्यों की सराहना की. उन्होंने कहा कि एक माह पूर्व से की गई सुनियोजित तैयारी, बेहतर ड्यूटी प्रबंधन, पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, प्रभावी संचार व्यवस्था एवं आपसी समन्वय के कारण इतने बड़े आयोजन को शांतिपूर्ण एवं सुरक्षित वातावरण में संपन्न कराया जा सका.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

