Palamu News: जिले के नौडीहा बाजार थाना क्षेत्र के जमुना खरडीहा गांव में गृह प्रवेश का भोज खाने के बाद 200 से अधिक लोग बीमार पड़ गए. रविवार सुबह अचानक ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ने लगी. उल्टी और दस्त की शिकायत के बाद 19 लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. वहीं, बड़ी संख्या में लोग स्थानीय स्तर पर भी इलाज करा रहे हैं.
जानकारी के अनुसार, जमुना खरडीहा गांव निवासी विमलेश यादव के नवनिर्मित मकान में गृह प्रवेश का कार्यक्रम आयोजित किया गया था. इसमें गांव के लोगों के अलावा आसपास के ग्रामीणों को भी भोजन कराया गया था. शनिवार को भोजन करने के बाद कुछ लोगों की तबीयत खराब हुई थी, लेकिन उस समय स्थिति सामान्य थी. रविवार सुबह एक-एक कर बड़ी संख्या में लोगों को उल्टी और दस्त की शिकायत होने लगी.
इसे भी पढ़ें:
इसके बाद बीमार लोगों को इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया. इनमें 19 लोगों की स्थिति गंभीर होने पर उन्हें छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया. समारोह में पूड़ी, बुंदिया, सब्जी समेत कई तरह के पकवान बनाए गए थे. आशंका जताई जा रही है कि भोजन दूषित होने के कारण लोग फूड पॉइजनिंग के शिकार हुए हैं.
पलामू के सिविल सर्जन डॉ. अनिल कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि सभी लोग फूड पॉइजनिंग से प्रभावित हुए हैं. 19 लोगों को छतरपुर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है. स्वास्थ्य विभाग पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है और बीमार लोगों को चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है.
वहीं, नौडीहा बाजार थाना प्रभारी नीरज कुमार ने बताया कि विमलेश यादव के घर आयोजित गृह प्रवेश समारोह में भोजन करने के बाद बड़ी संख्या में ग्रामीणों की तबीयत बिगड़ी है. प्रशासनिक टीम मौके पर पहुंचकर आवश्यक सहायता उपलब्ध करा रही है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

