Ranchi News: झारखंड के पुलिस थानों में अब निगरानी व्यवस्था और मजबूत होने जा रही है. राज्य सरकार ने 606 थानों में कुल 9,006 ऑडियो-वीडियो सीसीटीवी कैमरे लगाने की योजना को मंजूरी दी है. इसके लिए करीब 90 करोड़ रुपये की पुनरीक्षित प्रशासनिक स्वीकृति दी गई है.
यह योजना सुप्रीम कोर्ट के पुलिस थानों में सीसीटीवी निगरानी से जुड़े निर्देशों के तहत लागू की जा रही है. कैमरे थानों के प्रवेश और निकास द्वार, हवालात के आसपास, रिसेप्शन, लॉबी, बरामदे, थाना प्रभारी के कमरे के आसपास और बाहरी परिसर समेत प्रमुख स्थानों पर लगाए जाएंगे. कैमरों में रात के समय रिकॉर्डिंग के साथ ऑडियो और वीडियो दोनों दर्ज करने की सुविधा होगी.
इसे भी पढ़ें -
योजना के तहत थानों में 5,012 डोम कैमरे, 3,388 बुलेट कैमरे और 606 मोटराइज्ड वारिफोकल कैमरे लगाए जाने हैं. रिकॉर्डिंग को जरूरत के अनुसार, लंबे समय तक सुरक्षित रखने की व्यवस्था भी होगी, ताकि किसी घटना या जांच के दौरान फुटेज का इस्तेमाल किया जा सके.
पूरी परियोजना को 2026-27 से 2030-31 तक चरणबद्ध तरीके से लागू किया जाएगा. जिला स्तर पर बने कंट्रोल रूम से थानों की निगरानी की व्यवस्था भी प्रस्तावित है. कैमरों की खरीद और स्थापना की प्रक्रिया जैप-आईटी के माध्यम से की जाएगी.
नई व्यवस्था लागू होने के बाद थानों में होने वाली गतिविधियों की निगरानी बढ़ेगी और किसी शिकायत या विवाद की स्थिति में सीसीटीवी फुटेज महत्वपूर्ण साक्ष्य के तौर पर काम आ सकेगा.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

