Ranchi News : विधायक जयराम महतो प्रकरण के बाद झारखंड पुलिस एसोसिएशन के भीतर नाराजगी अब खुलकर सामने आने लगी है. संगठन के फैसलों से असहमति जताते हुए कई पुलिस पदाधिकारी अब एसोसिएशन को चंदा नहीं देने की दिशा में कदम बढ़ा रहे हैं.
बताया जा रहा है कि कुछ पुलिस पदाधिकारियों ने अपने-अपने जिले के पुलिस अधीक्षक (SP) को पत्र लिखकर वेतन से एसोसिएशन मद में होने वाली चंदे की कटौती बंद करने की मांग की है. एसपी को दिए गए पत्र में साफ लिखा है कि उनके वेतन से प्रत्येक माह एसोसिएशन मद में चंदे के रूप में राशि काटी जा रही है.
पत्र में इस कटौती को तत्काल प्रभाव से बंद कराने के लिए संबंधित शाखा को निर्देश देने का आग्रह किया गया है. पत्र सामने आने के बाद पुलिस एसोसिएशन के भीतर चल रही नाराजगी को लेकर चर्चा तेज हो गई है.
इसे भी पढ़ें
दरअसल धनबाद के बरवाअड्डा थाना प्रभारी और डुमरी विधायक जयराम महतो के बीच विवाद के बाद एसोसिएशन ने विधायक के खिलाफ कड़ा रुख अपनाया था. संगठन ने प्रेस वार्ता कर माफी की मांग की और कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी दी थी.
बाद में आंदोलन स्थगित कर दिया गया. इसी के बाद संगठन के फैसले को लेकर पुलिस पदाधिकारियों के एक वर्ग में सवाल उठने लगे हैं. पुलिस महकमे में चर्चा है कि संगठन के कुछ पदाधिकारियों की विधायक जयराम महतो से मुलाकात भी हुई थी. हालांकि, इस मुलाकात की पुष्टि नहीं हुई है.
हालांकि संगठन के भीतर सवाल उठ रहे हैं कि जब एसोसिएशन ने विधायक के खिलाफ आंदोलन का ऐलान किया था, तो बाद में रुख क्यों बदला गया. अब चंदे की कटौती रोकने के लिए एसपी को लिखे जा रहे पत्र ने इस विवाद को नया रंग दे दिया है.
अगर ऐसे पत्रों की संख्या बढ़ती है, तो यह एसोसिएशन के लिए गंभीर अंदरूनी चुनौती बन सकती है. फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि कितने पुलिस पदाधिकारियों ने चंदे की कटौती बंद कराने के लिए पत्र दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें


