Pakur News : पश्चिम बंगाल के मालदा जिला परिषद अध्यक्ष और उपाध्यक्ष के चुनाव से पहले राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं. मालदा के 26 नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य अध्यक्ष पद के उम्मीदवार के साथ पाकुड़ के एक होटल में ठहरे हुए हैं. शुक्रवार को मालदा पुलिस की टीम होटल पहुंची, जिसके बाद वहां विवाद और हंगामे की स्थिति उत्पन्न हो गई.
जानकारी के अनुसार मालदा पुलिस को जिला परिषद सदस्यों के पाकुड़ में ठहरे होने की सूचना मिली थी. इसके बाद पुलिस टीम होटल पहुंची और सदस्यों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किया. सदस्यों ने इसका विरोध किया. उनका कहना था कि वे अपनी इच्छा से पाकुड़ आए हैं उन्हें जबरन कहीं ले जाने की कोशिश नहीं की जानी चाहिए.
इसी बात को लेकर पुलिस और जिप सदस्यों के बीच बहस शुरू हो गई. देखते ही देखते स्थिति धक्का-मुक्की तक पहुंच गई. मामला बढ़ता देख पाकुड़ पुलिस भी होटल पहुंची और दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया.
घटना के बाद होटल के बाहर भी कुछ देर तक तनाव का माहौल बना रहा. बंगाल पुलिस की मौजूदगी को लेकर जिप सदस्यों और उनके समर्थकों में नाराजगी देखी गई.
जिला परिषद सदस्य सागरिका सरकार ने आरोप लगाया कि 6 अक्टूबर को मालदा जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष का चुनाव होना है. चुनाव से पहले सदस्यों पर पुलिस के माध्यम से दबाव बनाने की कोशिश की जा रही है. उन्होंने होटल में मौजूद महिला सदस्यों के साथ कथित दुर्व्यवहार का भी आरोप लगाया.
हालांकि पूरे मामले में मालदा पुलिस की ओर से फिलहाल कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है. पुलिस होटल क्यों पहुंची और सदस्यों को अपने साथ ले जाने का प्रयास किस आधार पर किया गया, इसकी आधिकारिक जानकारी सामने आने के बाद ही स्थिति स्पष्ट होगी.
6 अक्टूबर को होने वाले मालदा जिला परिषद के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष चुनाव से पहले 26 सदस्यों का पाकुड़ में ठहरना और उसके बाद बंगाल पुलिस के पहुंचने पर हुआ विवाद अब चर्चा का विषय बना हुआ है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

