Medininagar : पलामू जिले के मनातू थाना क्षेत्र के पदमा चौक पर बुधवार को 8 वर्षीय बच्चे सूरज कुमार की मौत के बाद परिजनों ने जमकर हंगामा किया था. पुलिस पर भी हमला किया गया था. इस मामले में पुलिस ने 8 आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया.
गिरफ्तार आरोपियों में कृष्णा निराला, संजय प्रसाद, डोमन प्रसाद, अजय प्रजापति, संदीप प्रजापति, आनन्द शर्मा, विराज महतो व पियूष कुमार शामिल हैं. सभी मनातू थाना क्षेत्र के रहने वाले हैं. पुलिस ने बताया कि अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है.
गौरतलब है कि बच्चे की मौत के बाद आक्रोशित परिजनों व ग्रामीणों ने पदमा चौक पर शव रखकर सड़क जाम कर दी थी. 80-100 की संख्या में लोग लाठी-डंडा, रॉड व कुल्हाड़ी के साथ सड़क पर उतर आए थे. जाम के चलते दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई थी.
मौके पर पहुंची पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की. इसी दौरान उग्र भीड़ पुलिस पर हमला कर दिया. हमले में एएसआई हरेशचन्द्र कुमार यादव गंभीर रूप से घायल हो गए थे. इसके बाद पुलिस ने मनातू थाना में 29 नामजद व 50-60 अज्ञात के खिलाफ मामला दर्ज कराया था.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

