Search

 
 
 

पलामू :  मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों में झड़प, तीन घायल, धारा 163 लागू

जिले के पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं. तीनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है.
 

Palamu:  जिले के पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे में मुहर्रम जुलूस के दौरान दो पक्षों के बीच झड़प हो गई, जिसमें तीन लोग घायल हो गए हैं. तीनों घायलों को इलाज के लिए मेदिनीनगर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. सदर एसडीएम सुलोचना मीणा के निर्देश पर इलाके में अगले 48 घंटे के लिए धारा 163 (निषेधाज्ञा) लागू कर दी गई है. पूरा इलाक़ा पुलिस छावनी में तब्दील हो गया है.

 

विवाद के बाद दोनों पक्षों में हुई झड़प 

जानकारी के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के पाल्हे में मुहर्रम के रूट को लेकर विवाद था. इसको लेकर प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में शुक्रवार को दोनों पक्षों के बीच पंचायत भी हुई थी. इसके बाद रविवार को उसी रूट से मुहर्रम का जुलूस गुजर रहा था. इसी क्रम में दोनों पक्षों के बीच विवाद हो गया. बात इतनी बढ़ गई कि दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट हो गयी, जिसमें दो लोग घायल हो गए हैं.

 

इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात 

इधर घटना की जानकारी मिलने के बाद पलामू एसपी रीष्मा रमेशन, एसडीएम सुलोचना मीणा, सदर एसडीपीओ मणिभूषण प्रसाद समेत कई आला अधिकारी मौके पर कैंप कर रहे हैं. पूरे इलाके में भारी संख्या में पुलिस बल की तैनाती की गई है. पुलिस ने पूरे इलाके में निगरानी बढ़ा दी है और आसपास के थानों की फोर्स को भी मौके पर बुला लिया गया है.

 

फिलहाल स्थिति शांतिपूर्ण है : एसपी 

इस संबंध में पलामू एसपी ने बताया कि जुलूस के दौरान कुछ विवाद हुआ था, जिसमें कुछ लोग घायल हुए हैं. स्थिति शांतिपूर्ण है और पुलिस इलाके में कैंप कर रही है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही