Search

 
 
 

पलामूः रामनवमी पर दिखा भक्ति, उत्साह व एकता का संगम

मेदिनीनगर में निकले भव्य जुलूस में तीन दर्जन से अधिक पूजा समितियों व अखाड़ों ने भाग लिया. पूरे शहर में उत्सव का माहौल रहा. श्री महावीर नवयुवक दल जेनरल के नेतृत्व में जुलूस आगे बढ़ा.
 

Medininagar : पलामू जिले के शुक्रवार को रामनवमी का त्योहार श्रद्धा व उत्साह के साथ मनाया गया. मेदिनीनगर सहित जिले के विभिन्न क्षेत्रों में स्थित राम व हनुमान मंदिरों में सुबह से ही श्रद्धालुओं की भारी भीड़ रही. भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव को लेकर भक्तों में काभी उत्साह देखा गया. मंदिरों में नए ध्वज स्थापित किए गए, वहीं घरों एवं मंदिरों में चैत्र नवरात्र का समापन हवन, कन्या पूजन भंडारा के साथ हुआ.

 

 

मेदिनीनगर में निकले भव्य जुलूस में तीन दर्जन से अधिक पूजा समितियों व अखाड़ों ने भाग लिया. पूरे शहर में उत्सव का माहौल रहा. श्री महावीर नवयुवक दल जेनरल के नेतृत्व में जुलूस आगे बढ़ा, जबकि जीनियस क्लब बैरिया चौक, न्यू दुकानदार संघ, न्यू यंग क्लब हनुमान नगर, श्रीराम सेना संघ कचरवा, नवयुवक संघ बेलवाटिका चौक, संस्कार क्लब नावाटोली, मारुति नंदन संघ, न्यू सुरभि क्लब, न्यू एकता स्टार क्लब, श्री रामलला सेवक संघ, हिंदू सेना संघ, श्री संकट मोचन दल सहित कई समितियों ने अपनी-अपनी झांकियों, रथों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के साथ भागीदारी निभाई. हर समिति ने अपने स्तर पर आकर्षक प्रदर्शन किया.

 

जुलूस में रथ व करतब रहा आकर्षण का केंद्र 

 

जुलूस में शामिल रथों को विशेष रूप से सजाया गया था, जिनमें भगवान श्रीराम, हनुमान और अन्य धार्मिक झांकियां प्रदर्शित की गईं. डीजे व भक्ति संगीत के साथ श्रद्धालु झूमते नजर आए. अखाड़ों के युवाओं ने लाठी, भाला व तलवारबाजी के हैरतअंगेज करतब दिखाए, जिसे देखने के लिए रास्ते भर भीड़ जुटी रही. जय श्रीराम और बजरंगबली के नारों से पूरा शहर गुंजायमान रहा.

 

पुष्प वर्षा से हुआ अभिनंदन

 

जुलूस के दौरान शहर के प्रमुख स्थानों छहमुहान, अस्पताल चौक और बस डिपो के समीप जेसीबी के माध्यम से पुष्प वर्षा कर रामभक्तों का अभिनंदन किया गया. कई स्थानों पर भंडारा, प्रसाद वितरण व सम्मान समारोह का आयोजन किया गया, जिसमें लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया 


कोयल नदी तट पर हुआ झंडा मिलान

 

निर्धारित रूटचार्ट के अनुसार जुलूस शहर के विभिन्न मार्गों से गुजरते हुए शिवाला रोड स्थित कोयल नदी किनारे पहुंचा. यहां मेदिनीनगर जेनरल व शाहपुर रामनवमी समिति के बीच पारंपरिक झंडा मिलान की रस्म निभाई गई. यह आयोजन वर्षों पुरानी परंपरा का हिस्सा है, जिसे देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौजूद रहे. झंडा मिलान के साथ ही जुलूस का समापन हुआ और लोगों ने एक-दूसरे को शुभकामनाएं दीं.

 

गंगा-जमुनी तहजीब की दिखी मिसाल

 

जुलूस के दौरान सामाजिक सौहार्द की भी अनूठी मिसाल देखने को मिली. जुलूस ए मोहम्मदी कमेटी के सदस्यों ने रामनवमी अध्यक्ष राकेश कुमार सिंह उर्फ मंगल सिंह व उनकी टीम को फूल माला, पगड़ी व स्मृति चिह्न भेंटकर सम्मानित किया. 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही