Search

 
 
 

पलामूः अकीदतमंदों ने पढ़ी अलविदा जुमे की नमाज, मस्जिदों में उमड़ी भीड़

जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद शाहनवाज कासमी ने कहा कि रमजान का महीना नेकी और इबादत का है. जो लोग इस महीने की अहमियत को समझते हैं और इबादत में वक्त बिताते हैं, वे खुशनसीब होते हैं.
 

Medininagar : पलामू जिले के विभिन्न इलाकों की मस्जिदों में शुक्रवार को रमजान माह के आखिरी जुमे की नमाज पढ़ी गई. नमाज के लिए जिले की सभी मस्जिदों में अकीदतमंदों की भीड़ उमड़ पड़ी. शहरी व ग्रामीण इलाकों की मस्जिदों में विशेष तैयारी की गई थी.  


मस्जिद प्रबंधन समितियों की ओर से नमाजियों के बैठने, साफ-सफाई और अन्य जरूरी सुविधाओं की व्यवस्था की गई थी. नमाज से पूर्व पेश इमामों ने तकरीर करते हुए रमजान के महत्व पर प्रकाश डाला. कहा कि रमजान रहमत, बरकत और मगफिरत का महीना है, जो इंसान को तकवा और परहेजगारी की राह पर चलने की सीख देता है.

 

जिला मुख्यालय मेदिनीनगर के छह मुहान स्थित जामा मस्जिद, बाजार की छोटी मस्जिद, पहाड़ी मुहल्ला की नूरी मस्जिद, कुंड मुहल्ला की मिल्लत मस्जिद, मुस्लिमनगर की मदीना मस्जिद, अहले हदीस मस्जिद, मोहम्मदिया मस्जिद, नावाटोली की मस्जिद-ए-हेरा, शाहपुर की तैबा मस्जिद समेत अन्य मस्जिदों में नमाज अदा की गई.

 

 

जामा मस्जिद के इमाम मुफ्ती मोहम्मद शाहनवाज कासमी ने कहा कि रमजान का महीना नेकी और इबादत का है. जो लोग इस महीने की अहमियत को समझते हैं और इबादत में वक्त बिताते हैं, वे खुशनसीब होते हैं. मौके पर जामा मस्जिद प्रबंधन कमेटी के सदर शौकत अली खान, सचिव एजाज अहमद खान, गुलाम सादिक, रसीद बख्शी सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे.

 

ईद की नमाज का समय 

 

जामा मस्जिद के पेश इमाम ने बताया कि शनिवार को ईद-उल-फितर का त्योहार हर्षोल्लास के साथ मनाया जाएगा. विभिन्न मस्जिदों में नमाज का समय निर्धारित कर दिया गया है.मेदिनीनगर जामा मस्जिद में सुबह 9.15 बजे, छोटी मस्जिद में 8.00 बजे, नूरी मस्जिद में 8.15 बजे, मदीना मस्जिद में 8.45 बजे, मिल्लत मस्जिद में 9.00 बजे, मस्जिद-ए-हेरा में 9.00 बजे और मस्जिद अलकासिम में 8.30 बजे नमाज अदा की जाएगी. इसके अलावा शाहपुर रहमानिया मस्जिद में 8.00 बजे, इमामिया मस्जिद में 8.15 बजे, तैय्यबा मस्जिद में 8.45 बजे, गोशिया मस्जिद में 8.30 बजे, चैनपुर हमीदिया मस्जिद में 8.00 बजे, चैनपुर जामा मस्जिद में 8.45 बजे तथा चैनपुर गोशुलवारा मस्जिद में सुबह 8.30 बजे ईद की नमाज होगी.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही