Search

Palamu : DGP की मैराथन समीक्षा बैठक, मुहर्रम से लेकर साइबर अपराध तक पर दिए सख्त निर्देश

Medininagar : झारखंड की पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) तदाशा मिश्रा ने शुक्रवार को पलामू पुलिस अधीक्षक कार्यालय में पलामू प्रक्षेत्र के अपराध नियंत्रण और विधि-व्यवस्था की व्यापक समीक्षा की. बैठक में पलामू, गढ़वा और लातेहार जिलों की कानून-व्यवस्था, लंबित मामलों, महिलाओं व बच्चों के खिलाफ अपराध और आगामी मुहर्रम पर्व की तैयारियों पर विस्तार से चर्चा हुई.

 

डीजीपी ने मुहर्रम को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में संपन्न कराने के लिए सभी जिलों को विशेष सतर्कता बरतने का निर्देश दिया. उन्होंने पिछले एक वर्ष के दौरान घटित महत्वपूर्ण आपराधिक और सांप्रदायिक घटनाओं की समीक्षा करते हुए कहा कि गंभीर मामलों में त्वरित अनुसंधान, प्रभावी अभियोजन और दोषियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए.

 

बैठक में महिला अत्याचार, पॉक्सो एक्ट, मॉब लिंचिंग, एससी-एसटी अत्याचार निवारण अधिनियम, संपत्ति संबंधी अपराध, साइबर अपराध, मानव तस्करी और संगठित अपराध से जुड़े मामलों की भी समीक्षा की गई. डीजीपी ने साइबर और संगठित अपराध के खिलाफ विशेष अभियान चलाने और तकनीकी संसाधनों का अधिकतम उपयोग करने का निर्देश दिया.

 

उन्होंने लंबित कांडों और न्यायालयों में विचाराधीन मामलों की समीक्षा करते हुए गंभीर मामलों में स्पीडी ट्रायल सुनिश्चित करने, अभियोजन पक्ष के साथ बेहतर समन्वय स्थापित करने और दोषसिद्धि दर बढ़ाने पर जोर दिया. साथ ही भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस), भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस) और भारतीय साक्ष्य अधिनियम-2023 के प्रभावी क्रियान्वयन की भी समीक्षा की गई.

 

डीजीपी ने पुलिसकर्मियों के कल्याण, कार्यस्थल की समस्याओं के समाधान और बेहतर कार्य वातावरण उपलब्ध कराने के लिए नियमित पुलिस सभा आयोजित करने का निर्देश दिया. इसके अलावा जिलों में लगे सीसीटीवी कैमरों की कार्यशीलता, निगरानी व्यवस्था और कवरेज क्षेत्र की समीक्षा करते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत करने पर बल दिया.

 

गुम हुए मोबाइल फोन की बरामदगी और उन्हें विधिसम्मत प्रक्रिया के तहत शीघ्र लौटाने के निर्देश भी दिए गए. वहीं, विभागीय कार्यवाही और लंबित जांचों को समयबद्ध तरीके से निष्पादित करने को कहा गया.

 

दौरे के दौरान डीजीपी ने चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधियों से भी मुलाकात की और व्यापारियों की समस्याएं सुनकर उनके समाधान का आश्वासन दिया.

 

बैठक में अभियान सह पलामू प्रक्षेत्र के पुलिस महानिरीक्षक नरेंद्र कुमार सिंह, पुलिस महानिरीक्षक अजय लिंडा, पलामू के डीआईजी कौशल किशोर, पलामू, गढ़वा और लातेहार के पुलिस अधीक्षक सहित कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी एवं चैंबर ऑफ कॉमर्स के प्रतिनिधि मौजूद थे.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

बेहतर न्यूज़ अनुभव
ब्राउज़र में ही
//