Search

 
 
 

पलामूः रामनवमी जुलूस को लेकर बिजली विभाग अलर्ट

कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार ने कहा कि सामान्य स्थिति में बिजली आपूर्ति जारी रखने की कोशिश रहती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान कई स्थानों पर बिजली  अस्थायी रूप से काटनी पड़ती है, क्योंकि सुरक्षा मानकों के अनुसार ऐसा करना जरूरी होता है.
 

वर्ष 2000 के हादसे से सीख लेकर बिजली आपूर्ति की तैयारी


Medininagar : पलामू जिला मुख्यालय मेदिनीनगर में रामनवमी पर शुक्रवार को निकलने वाले जुलूस को लेकर बिजली विभाग विशेष अलर्ट है. यह एहतियात रामनवमी वर वर्ष 2000 में हुए हादसे के मद्देनजर बरता जा रहा है. उस घटना के बाद हर साल खासकर रामनवमी बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाती है. इस दौरान बिजली को अस्थाई तौर पर संबंधित क्षेत्र में काट दिया जाता है.

 


जुलूस मुख्य रूप से शिवाला रोड, बाजार क्षेत्र, मुस्लिम नगर कनीराम चौक, विष्णु मंदिर रोड, लाल कोठा, शहर थाना. छह मुहान आदि इलाकों से होकर गुजरता है. प्रशासन और बिजली विभाग का मुख्य फोकस यही रहता है कि किसी भी हाल में ऐसी त्रासदी दोबारा न हो.


वर्ष 2000 में हादसे में 29 लोगों की हुई थी मौत


रामनवमी पर 12 अप्रैल 2000 की रात मेदिनीनगर के लालकोठा इलाके में जुलूस के दौरान हाईटेंशन तार गिरने से 29 लोगों की मौत हो गई थी. जुलूस पूर्व सांसद जोरावर राम के घर से होकर गुजर रहा था. बताया जाता है कि उसी दौरान एक व्यक्ति द्वारा ट्रांसफार्मर के तार को लग्घी से ऊपर उठाने के दौरान 11000 वोल्ट के संपर्क में आकर तार टूटकर जुलूस पर गिर पड़ा और बड़ा हादसा हो गया. उस भयावह घटना में कई लोगों ने नाली या रथ के नीचे छिपकर अपनी जान बचाई थी.

 

रामनवमी को लेकर बिजली विभाग की व्यापक तैयारी

 

मेदिनीनगर में इस बार भी रामनवमी पर बिजली व्यवस्था को लेकर विशेष तैयारी की गई है. विद्युत आपूर्ति प्रमंडल डालटनगंज द्वारा पूरे क्षेत्र में निर्बाध बिजली आपूर्ति के साथ-साथ सुरक्षा पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है. अधिकारियों व कर्मचारियों की ड्यूटी तय कर दी गई है. जुलूस मार्गों पर विशेष निगरानी रखने का निर्देश दिया गया है. रेडमा, सुदना, पांकी, लेस्लीगंज, विश्रामपुर, नावाबाजार, पाटन व तरहसी समेत कई उपकेंद्रों पर 24 घंटे निगरानी रखी जा रही है.

जुलूस के दौरान कुछ इलाकों में कटेगी बिजली

कार्यपालक अभियंता संतोष कुमार ने कहा कि सामान्य स्थिति में बिजली आपूर्ति जारी रखने की कोशिश रहती है. उन्होंने स्पष्ट किया कि जुलूस के दौरान कई स्थानों पर बिजली  अस्थायी रूप से काटनी पड़ती है, क्योंकि सुरक्षा मानकों के अनुसार ऐसा करना जरूरी होता है. उन्होंने आयोजन समितियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि सभी की सतर्कता से ही रामनवमी का पर्व सुरक्षित और शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराया जा सकता है.


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही