Search

 
 
 

पलामूः अवैध शराब की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़, 28 पेटी नकली शराब जब्त, 4 गिरफ्तार

पांकी थाना की पुलिस ने अवैध शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से करीब 28 पेटी नकली अंग्रेजी शराब, स्प्रिट व अन्य सामान बरामद किये हैं. साथ ही इस अवैध धंधे में लिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया है.
 

Medininagar : पलामू जिले के पांकी थाना की पुलिस ने अवैध शराब बनाने की मिनी फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है. पुलिस ने मौके से करीब 28 पेटी नकली अंग्रेजी शराब, स्प्रिट व अन्य सामान बरामद किये हैं. साथ ही इस अवैध धंधे में लिप्त चार लोगों को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार आरोपियों में पांकी थाना क्षेत्र के बंगलाडीह निवासी आरिफ अंसारी उर्फ गाडेन, एजाज आलम, नावाजयपुर थाना क्षेत्र के महुलिया निवासी सुनील प्रसाद व मनिका थाना क्षेत्र के बरवैया निवासी राहुल प्रसाद उर्फ राहुल कुमार शामिल हैं.

 

पांकी थाना प्रभारी राजेश रंजन ने बताया कि पलामू एसपी को सूचना मिली थी कि सालमदिरी से पांकी आने वाले रास्ते से कार से नकली अंग्रेजी शराब बिहार ले जायी जा रही है. सूचना के आधार पर लेस्लीगंज (पांकी) एसडीपीओ के नेतृत्व में दो छापामारी दल बनाए गए. पुलिस ने पांकी-बलियारी रोड पर उक्त वाहन को रोका. तलाशी में वाहन से 28 पेटी नकली ओल्ड मॉन्क रम बरामद की गई.

 

पूछताछ में वाहन सवार आरिफ व एजाज ने कबूल किया कि उनलोगों ने शराब सालमदिरी (ऐनवा-मैनवा) जंगल स्थित अवैध फैक्ट्री से लोड की है. उक्त फैक्ट्री में बड़े पैमाने पर नकली अंग्रेजी शराब का निर्माण किया जाता है. फैक्ट्री का संचालन निर्मल यादव, राहुल प्रसाद व सुनील प्रसाद मिलकर करते हैं. वे पहले भी कई बार शराब बिहार ले जाकर बेच चुके हैं.

 

उनकी निशानदेही पर पुलिस ने सालमदिरी जंगल में छापामारी कर अवैध शराब व शराब निर्माण में उपयोग होने वाली भारी मात्रा में सामग्री जब्त की. इसमें 384 बोतल ओल्ड मॉन्क रम, स्टर्लिंग रिजर्व की 375 एमएल की 24 बोतलें, रॉयल स्टेज की 72 बोतलें, 300 लीटर स्प्रिट, केमिकल, रैपर, खाली गैलन, बड़ा ड्रम, खाली बोतलें, दो चार चक्का वाहन, चार मोबाइल फोन समेत अन्य सामान शामिल हैं.

 

थाना प्रभारी ने बताया कि गिरफ्तार राहुल प्रसाद और सुनील प्रसाद का आपराधिक इतिहास रहा है.राहुल पर लातेहार के मनिका, बालूमाथ तथा पलामू जिले के हरिहरगंज थाना में चार मामले दर्ज हैं. वहीं, सुनील प्रसाद पर नावाजयपुर थाना में भी एक मामला दर्ज है.चारों आरोपियों को जेल भेज दिया गया. छापेमारी में लेस्लीगंज (पांकी) एसडीपीओ, पांकी पुलिस निरीक्षक, थाना प्रभारी राजेश रंजन, एसआई आशुतोष रजक, रवीन्द्र राहुल साय, श्याम भगत, अनूप टोपनो, गोपाल कुमार राय, एएसआई प्रमोद कुमार राय, इंद्रदेव पासवान, रामनारायण विश्वकर्मा, रोहित कुमार, राकेश सिंह समेत अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे.

Uploaded Image


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही