Search

 
 
 

पलामू: MMCH में अवैध वसूली का खुलासा,  पांकी विधायक के हस्तक्षेप से गरीब मरीजों को राहत

जिले के सदर अस्पताल में गरीब मरीजों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है. पांकी विधायक शशि भूषण मेहता के हस्तक्षेप से पीड़ित मरीजों को न्याय मिला और वसूली गई रकम वापस कराई गई. मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित विधायक के पास गुहार लगाई.
 

Palamu: जिले के सदर अस्पताल में गरीब मरीजों से अवैध वसूली का मामला सामने आया है. पांकी विधायक शशि भूषण मेहता के हस्तक्षेप से पीड़ित मरीजों को न्याय मिला और वसूली गई रकम वापस कराई गई. मामले का खुलासा तब हुआ जब एक पीड़ित विधायक के पास गुहार लगाई.

 

ऐसे हुआ मामले का खुलासा

जानकारी के अनुसार लेस्लीगंज के धावाडीह निवासी धर्मेंद्र सिंह से मुलाकात के लिए विधायक सदर अस्पताल पहुंचे थे. इसी दौरान कुछ आदिवासी महिलाएं और बच्चे रोते-बिलखते हुए उनके पास पहुंचे और बताया कि वे लाल कार्डधारी गरीब हैं,  इसके बावजूद अस्पताल में अल्ट्रासाउंड,  एक्स-रे और ईसीजी के नाम पर उनसे पैसे वसूले जा रहे हैं.

 

नियमों के विरुद्ध हो रही थी वसूली

मामले को गंभीरता से लेते हुए विधायक ने तुरंत अस्पताल प्रबंधन से पूछताछ की और अधीक्षक से बातचीत की. जांच में सामने आया कि हेल्थ मैप कंपनी, जिसे अस्पताल में अल्ट्रासाउंड, एक्स-रे और ईसीजी संचालन का टेंडर मिला है, नियमों के विरुद्ध लाल कार्डधारी मरीजों से भी शुल्क वसूल रही थी, जबकि उनके लिए ये सभी जांचें निःशुल्क हैं.

विधायक शशि भूषण मेहता ने मौके पर कड़ा विरोध जताते हुए कंपनी की मनमानी पर रोक लगाई. उनके हस्तक्षेप के बाद कंपनी को सभी गरीब मरीजों से वसूली गई राशि नकद वापस करनी पड़ी.

 

अस्पताल अधीक्षक ने दिखाई अनभिज्ञता

अस्पताल अधीक्षक ने सफाई देते हुए कहा कि उन्हें इस गड़बड़ी की जानकारी नहीं थी. इस पर विधायक ने स्पष्ट कहा कि अस्पताल में होने वाली सभी गतिविधियों की जिम्मेदारी प्रबंधन की है और भविष्य में ऐसी शिकायतें किसी भी हाल में बर्दाश्त नहीं की जाएंगी.

 

निजी कंपनियों की कार्यप्रणाली पर सवाल

कार्रवाई के बाद मरीजों और उनके परिजनों ने खुशी जताई. मौके पर विधायक प्रतिनिधि लाल यादव भी मौजूद थे. यह मामला एक बार फिर सरकारी अस्पतालों में निजी कंपनियों की कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है.

 

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही