Palamu : नगर निगम चुनाव को लेकर रविवार की शाम रेड़मा में एक महत्वपूर्ण बैठक हुई. इस बैठक का आयोजन दिलीप तिवारी मिंटू ने किया, जिसमें पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी की पुत्री व मेयर पद की प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी को समर्थन देने का ऐलान किया गया.
बैठक में पूर्व मेयर प्रत्याशी निर्मला तिवारी के पति सुनील तिवारी ने सर्वसम्मति से लिए गए निर्णय का स्वागत करते हुए नम्रता त्रिपाठी के समर्थन की घोषणा की. उन्होंने कहा कि पिछली बार उनकी पत्नी नगर निगम चुनाव में मैदान में थीं और उन्हें तीसरा स्थान प्राप्त हुआ था.
इस बार भी वह अपनी पत्नी को चुनाव लड़ाने के इच्छुक थे और इसके लिए नामांकन प्रपत्र भी खरीदा था. लेकिन व्यापक सहमति को देखते हुए उन्होंने चुनावी मैदान से हटने का निर्णय लिया और नम्रता त्रिपाठी को समर्थन देने का फैसला किया.
पूर्व मंत्री के एन त्रिपाठी ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कहा कि नगर निगम चुनाव में धर्म, जाति, संप्रदाय और क्षेत्र से ऊपर उठकर पढ़ी-लिखी और योग्य प्रत्याशी को वोट देना चाहिए. उन्होंने नम्रता त्रिपाठी को क्षेत्र के विकास के लिए उपयुक्त उम्मीदवार बताते हुए जनता से समर्थन की अपील की.
वहीं प्रत्याशी नम्रता त्रिपाठी ने कार्यक्रम के दौरान लिए गए निर्णय के लिए स्थानीय लोगों का आभार प्रकट किया. उन्होंने विश्वास जताया कि जनता के सहयोग से वह चुनाव में प्रबल दावेदार के रूप में मौजूद रहेंगी और नगर के समग्र विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करेंगी.
बैठक में वरिष्ठ नागरिक दीनानाथ तिवारी, यशवंत तिवारी, प्रदीप तिवारी महाकाल, नवीन तिवारी राजन पांडेय, टिंकू तिवारी, सुमित सहित बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें



Leave a Comment