Search

पलामू : स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर एक्शन मोड में मेयर, क्लीनिक से अस्पताल तक किया निरीक्षण

Palamu : नगर निगम मेयर अरुणा शंकर एक्शन मोड में नजर आईं. उन्होंने निगम द्वारा संचालित आयुष्मान आरोग्य केंद्र रांची रोड और पंपुकल का निरीक्षण किया. इस दौरान उन्होंने क्लीनिक की व्यवस्था का जायजा लिया और रांची रोड केंद्र में डॉक्टर श्रेया सोनी तथा पंपुकल क्लीनिक में डॉक्टर नितेश कुमार के साथ बैठकर समीक्षा की.

 

निरीक्षण के दौरान मेयर ने स्पष्ट कहा कि स्वास्थ्य उनकी प्राथमिकता है. उन्होंने निर्देश दिया कि क्लीनिक की सफाई बेहतर हो, डॉक्टर और नर्स समय पर उपस्थित रहें और मरीजों को नि:शुल्क दवाएं हमेशा उपलब्ध हों. उन्होंने कहा कि वह स्वयं समय-समय पर निरीक्षण के लिए आती रहेंगी. इस दौरान मेयर ने खुद भी डॉक्टर श्रेया सोनी से स्वास्थ्य जांच कराई.

 

मेयर अरुणा शंकर ने कहा कि निगम के आयुष्मान आरोग्य केंद्रों को जल्द ही अत्याधुनिक बनाया जाएगा. उन्होंने यह भी घोषणा की कि वह एक स्वास्थ्य केंद्र को गोद लेंगी, जहां डायलिसिस, डिलीवरी और जांच घर जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी. उन्होंने डॉक्टरों से कहा कि किसी भी जरूरत के लिए सीधे उनसे संपर्क करें, तत्काल समाधान किया जाएगा. उनका लक्ष्य स्वस्थ और स्वच्छ मेदिनीनगर बनाना है.

 

इसके बाद मेयर ने MMCH अस्पताल पहुंचकर महिला वार्ड का निरीक्षण किया. यहां अस्पताल अधीक्षक डॉ अजय विश्वकर्मा, डॉ आर के रंजन और डॉ सुशील पांडे ने उनका स्वागत किया और व्यवस्थाओं की जानकारी दी. मेयर महिला वार्ड की सफाई और व्यवस्था से संतुष्ट दिखीं, लेकिन पीने के पानी की व्यवस्था नहीं मिलने पर नाराजगी जताई. इस पर अस्पताल अधीक्षक ने जल्द व्यवस्था दुरुस्त करने का आश्वासन दिया.

 

निरीक्षण के दौरान कुछ महिलाओं ने शिकायत की कि महिला वार्ड के सामने स्थित निगम शौचालय हमेशा बंद रहता है. इस पर महापौर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिया कि दो दिनों के भीतर सफाई कर शौचालय को चालू किया जाए. अस्पताल में भर्ती महिला मरीजों ने मेयर के निरीक्षण के लिए आभार व्यक्त किया.

Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments

Leave a Comment

Follow us on WhatsApp