Medininagar News : पलामू पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है. जिले के पड़वा थाने की पुलिस ने एक बस पर तस्करी के लिए ले जाई जा रही 144 लीटर बीयर जब्त की है. इस मामले में बस चालक, कंडक्टर और खलासी को गिरफ्तार किया गया है. बीयर को अनार के कार्टून में छिपाकर मेदिनीनगर से बिहार के औरंगाबाद ले जाया जा रहा था.
इसे भी पढ़ें
पलामू एसपी को बुधवार को गुप्त सूचना मिली थी कि एक यात्री बस से अवैध शराब ले जाई जा रही है. सूचना के आधार पर पुलिस ने NH-39 पर लोहड़ा गांव के मिडिल स्कूल के समीप वाहन जांच अभियान चलाया. इसी दौरान मेदिनीनगर से औरंगाबाद जा रही लाल रंग की 'जय मां' बस को रोककर तलाशी ली गई. तलाशी के दौरान फल (अनार) के कार्टून में छिपाकर रखी गई 24 पेटी बीयर बरामद हुई. इसमें कुल 288 केन बीयर थी, जिसकी मात्रा 144 लीटर बताई गई है.
पुलिस ने मौके से बस चालक ललन सिंह, कंडक्टर श्यामनारायण तिवारी और खलासी मो. बेचू उर्फ छोटू को गिरफ्तार कर लिया. साथ ही बस (संख्या JH01FF6818) को भी जब्त कर लिया है.छापेमारी दल में पड़वा थाना के पुलिस पदाधिकारी एवं सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

