Medininagar News : पलामू पुलिस ने नशे के कारोबार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए 256 ग्राम ब्राउन शुगर के साथ एक युवक को गिरफ्तार किया है. गिरफ्तार युवक की पहचान गढ़वा जिले के सोनपुरवा निवासी चिंटू कुमार कहार उर्फ राजा के रूप में हुई है. उसके पास से 10 हजार रुपये नकद, चार मोबाइल फोन और एक सफेद रंग की कार जब्त की गई है.
इसे भी पढ़ें
पुलिस के अनुसार, 4 नवंबर की रात गुप्त सूचना मिली थी कि गढ़वा की ओर से एक सफेद रंग की कार में कुछ लोग मादक पदार्थ लेकर बिक्री करने आ रहे हैं. इसके बाद एसपी के निर्देश पर चैनपुर पुलिस ने किनी पेट्रोल पंप के पास शाहपुर-गढ़वा मुख्य मार्ग पर वाहन जांच शुरू की.
इसी दौरान गढ़वा की ओर से आ रही संदिग्ध कार दिखी. पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, तो चालक तेजी से गाड़ी भगाने लगा. पुलिस ने पीछा किया सुकरी बस्ती से पहले कार को पकड़ लिया. पुलिस के मुताबिक, कार पर सवार दो लोग अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए, जबकि एक युवक को कार के साथ पकड़ लिया गया. तलाशी में कार से तीन पैकेट में रखा ब्राउन शुगर बरामद हुआ. इलेक्ट्रॉनिक तराजू से वजन करने पर इसका वजन करीब 256 ग्राम पाया गया.
पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया. उसके खिलाफ चैनपुर थाना में कांड संख्या 229/2026 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है. फरार दोनों आरोपियों की पहचान और गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है. छापेमारी टीम में सदर एसडीपीओ राजेश यादव, चैनपुर थाना प्रभारी लाल जी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

