Medininagar News : झारखंड के पलामू जिले की पुलिस ने बड़े आपराध की योजना को विफल कर दिया है. पुलिस ने राहुल दुबे गैंग के चार सदस्यों को गिरफ्तार किया है. उनके पास से दो देसी पिस्टल, दो मैगजीन, 12 गोली, एक खोखा और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं.
इसे भी पढ़ें
पलामू एसपी को मंगलवार की रात गुप्त सूचना मिली थी कि कुछ संदिग्ध युवक अवैध हथियारों के साथ मंगरदाहा घाटी में घूम रहे हैं. वे किसी बड़ी घटना को अंजाम देने की फिराक में हैं. इसके बाद सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में छापेमारी टीम गठित की गई.
पुलिस टीम ने मंगरदाहा घाटी में कचरा डिपो के पास घेराबंदी कर चार युवकों को गिरफ्तार कर लिया. तलाशी में उनके पास से हथियार और गोलियां बरामद की गईं.
गिरफ्तार आरोपियों में सईद मोसाहिद उर्फ छोटू, मो. सैफ, युसुफ अंसारी और शाहिद खलीफा शामिल हैं. चारों चैनपुर थाना क्षेत्र के निवासी हैं. पुलिस के अनुसार, सईद मोसाहिद का आपराधिक इतिहास रहा है.
सईद मोसाहिद उर्फ छोटू ने पूछताछ में पुलिस को बताया कि वह अपने साथियों के साथ राहुल दुबे गैंग के लिए काम करता है. वे सभी लहलहे स्थित एक कंस्ट्रक्शन साइट से लेवी मांगने के लिए वहां फायरिंग करने की योजना बना रहे थे.
सदर एसडीपीओ राजेश यादव के नेतृत्व में हुई छापेमारी में चैनपुर थाना प्रभारी लालजी समेत समेत अन्य पुलिस पदाधिकारी और सशस्त्र बल के जवान शामिल थे. पुलिस मामले में आगे की कार्रवाई में जुटी है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

