Medininagar News : पलामू जिले के पांडू थाना क्षेत्र में एक किशोर के साथ पुलिस की कथित मारपीट और दुर्व्यवहार का मामला सामने आया है. पिटाई में किशोर का हाथ तोड़ने की बात कही जा रही है. मामला पांडू थाना क्षेत्र के झरना कला गांव का है. इस संबंध में किशोर के चाचा शशि कुमार उर्फ अंगद ने पलामू एसपी को लिखित आवेदन देकर पूरे मामले की शिकायत की है. उसने एसपी से न्याय की गुहार लगाई है.
इसे भी पढ़ें
एसपी को दिए आवेदन में उसने आरोप लगाया है कि पारिवारिक विवाद में पुलिस ने बिना जांच-पड़ताल किये और उसका पक्ष सुने बिना उसे थाने बुलाया. थाने में उसके साथ मारपीट की गई और हाजत में बंद कर दिया गया. इसके बाद उसके 16 वर्षीय भतीजे दिवाकर कुमार को भी पुलिस ने थाने बुलाया. वहां पुलिसकर्मी अनुज कुमार ने भतीजे के साथ मारपीट की. मारपीट में दिवाकर का दाहिना हाथ टूट गया.
पीड़ित परिवार ने एसपी से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषी पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. पीड़ित पक्ष का कहना है कि एसपी ने एक सप्ताह में जांच कर कार्रवाई का आश्वासन दिया है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

