Medininagar News : पलामू जिले चैनपुर स्थित कोयल नदी में बुधवार की सुबह करम डाल विसर्जन के दौरान 5 बच्चे डूब गए थे. इनमें से चार लड़कों के शव बरामद कर लिए गए. लेकिन हेमंत सिंह नामक आठ वर्षीय बच्चे का शव अब तक नहीं मिला है. बच्चे की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम गुरुवार को चैनपुर पहुंची.
इसे भी पढ़ें
ज्ञात हो कि बुधवार की सुबह पतरिया खुर्द गांव के पांच लड़के करम डाल विसर्जन के लिए कोयल नदी गए थे. इसी दौरान एक बच्चा पानी में डूबने लगा. उसे बचाने के चक्कर में बाकी बच्चे भी गहरे पानी में चले गए और डूब गए. हादसे में नीतीश कुमार सिंह (18), अमित कुमार ठाकुर (22), राजा सिंह (12) और विशाल पासवान (16) की मौत हो गई. हेमंत कुमार सिंह (8) अब भी लापता है. स्थानीय लोगों को आशंका है कि उसकी भी मौत हो चुकी है.
घटना के बाद पुलिस और स्थानीय लोगों ने नदी में तलाश अभियान चलाया था. अब लापता हेमंत की तलाश के लिए एनडीआरएफ की टीम नदी में अभियान चलाएगी.
इधर, बुधवार को तीन शवों का अंतिम संस्कार कर दिया गया था.जबकि अमित कुमार ठाकुर का अंतिम संस्कार गुरुवार को किया गया. अंतिम यात्रा में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग शामिल हुए. हेमंत का शव करीब 30 घंटे बाद भी बरामद नहीं हो पाया है. NDRF की टीम पहुंचने के बाद शव मिलने की पूरी उम्मीद है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

