Palamu News : हरिहरगंज थाना क्षेत्र स्थित बटाने नदी में नहाने के दौरान डूबे युवक का शव बरामद कर लिया गया है. हालांकि अन्य टेनी नामक युवक अब भी लापता है. मृतक की पहचान बिहार के बोधगया जिले के खरौना गांव निवासी रितिक कुमार (23 वर्ष) के रूप में हुई है. रितिक औरंगाबाद में व्यापार करते थे और शनिवार को अपने दो दोस्तों के साथ पिकनिक मनाने हरिहरगंज पहुंचे थे.
शनिवार को तीनों युवक बेलघाटी पुल के पास बटाने नदी में नहाने के लिए उतरे थे. इसी दौरान वे गहरे पानी और तेज धार की चपेट में आ गये. हादसे में स्थानीय लोगों ने राजेंद्र साव (40) को सुरक्षित बाहर निकाल लिया था, जबकि रितिक कुमार और टेनी नामक युवक लापता हो गये थे.
शव मिलने की सूचना के बाद परिजनों में कोहराम मच गया. पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है. वहीं, दूसरे लापता युवक टेनी की तलाश अब भी जारी है. स्थानीय लोगों की मदद से नदी में उसकी खोज की जा रही है. तीनों युवक बिहार के औरंगाबाद क्षेत्र से पिकनिक मनाने हरिहरगंज पहुंचे थे.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

