Palamu News : जिले के सतबरवा थाना क्षेत्र के हुरहुरी स्थित हीरा चिमनी भट्ठा पर गुरुवार की देर रात करीब 11 बजे अपराधियों ने आगजनी की वारदात को अंजाम दिया. यहां भट्ठा परिसर में खड़े दो ट्रैक्टर और एक जेसीबी मशीन में आग लगा दी गई. इस घटना में तीनों वाहन पूरी तरह जलकर राख हो गए.
अचानक वाहनों में आग लगने से भट्ठा परिसर में अफरा-तफरी मच गई. आगजनी की इस घटना से भट्ठा संचालक को भारी आर्थिक नुकसान होने की आशंका है. घटना की सूचना मिलने के बाद सतबरवा थाना की पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी.
इसे भी पढ़ें
इस संबंध में सतबरवा थाना प्रभारी प्रदीप कुमार ने बताया कि चिमनी भट्ठे पर वाहनों में आगजनी की घटना की जांच की जा रही है. फिलहाल आग लगाने के कारणों और इसमें शामिल आरोपियों की पहचान नहीं हो सकी है. पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर मामले की छानबीन कर रही है.

