Palamu News : जिले में नशे के खिलाफ जागरूकता अभियान को गति देने के लिए सोमवार को समाहरणालय परिसर से नशा मुक्त जागरूकता रथ रवाना किया गया. उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने हरी झंडी दिखाकर रथ को रवाना किया.
इस दौरान उपायुक्त ने परिसर में मौजूद विभिन्न विभागों के पदाधिकारियों और आंगनबाड़ी सेविकाओं को नशे के खिलाफ लोगों को जागरूक करने की शपथ भी दिलाई.
मौके पर उपायुक्त दिलीप प्रताप सिंह शेखावत ने कहा कि मादक पदार्थों के अवैध कारोबार में शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जा रही है. वहीं, किशोरों और युवाओं को नशे की लत से दूर रखने के उद्देश्य से राज्यव्यापी जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है.
उन्होंने नशामुक्त समाज के निर्माण के लिए आम लोगों की भागीदारी को भी महत्वपूर्ण बताया.इस अवसर पर उप विकास आयुक्त सादात अनवर, जिला कल्याण पदाधिकारी नीता चौहान समेत अन्य पदाधिकारी एवं आंगनबाड़ी सेविकाएं मौजूद रहीं.

