Palamu News : पुलिस ने CEIR पोर्टल के माध्यम से जिले भर में 97 मोबाइल फोन बरामद किए. ऑपरेशन मुस्कान के तहत शुक्रवार को एसपी कपिल चौधरी ने सभागार में फोन वास्तविक धारकों को सौंपे.
इस दौरान उनके चेहरों पर खुशी देखने लायक थी. मोबाइल वापस मिलने के बाद लोगों ने पुलिस और एसपी कपिल चौधरी के प्रति आभार जताया.एसपी कार्यालय में मोबाइल सौंपे जाने के दौरान एसपी कपिल चौधरी ने मोबाइल धारकों से बातचीत भी की. उन्होंने मोबाइल गुम होने से लेकर उसकी बरामदगी तक की जानकारी ली.लंबे समय बाद अपना मोबाइल वापस पाकर कई लोगों ने पुलिस की इस पहल की सराहना की.
शहर से सबसे अधिक 25 मोबाइल बरामद
पुलिस के अनुसार CEIR पोर्टल के माध्यम से बरामद 97 मोबाइल में सबसे अधिक 25 मोबाइल शहर थाना क्षेत्र से मिले हैं. पांकी से 18, लेस्लीगंज से 15, नावाजयपुर से 11 और पिपरा से 9 मोबाइल बरामद किए गए.
हरिहरगंज और मनातू से पांच-पांच, चैनपुर, तरहसी और पड़वा से चार-चार तथा रामगढ़ और सतबरवा से दो-दो मोबाइल बरामद हुए. जिले के अन्य थाना क्षेत्रों से भी मोबाइल बरामद कर उनके धारकों को सौंपे गए.
मोबाइल गुम होने पर पुलिस को सूचना देने की अपील
एसपी के अनुसार CEIR पोर्टल के जरिए मोबाइल के IMEI नंबर के आधार पर गुम और चोरी हुए मोबाइल को ट्रैक किया जाता है.उन्होंने लोगों से अपील की है कि मोबाइल गुम या चोरी होने की स्थिति में तत्काल संबंधित थाना को सूचना दें.साथी ही CEIR पोर्टल पर इसकी जानकारी दर्ज कराएं. इससे मोबाइल की बरामदगी में पुलिस को मदद मिलती है.
दो साल बाद मिला चोरी हुआ मोबाइल
गढ़वा से पहुंची एक महिला का मोबाइल करीब दो साल पहले गढ़वा रोड स्टेशन के पास चोरी हो गया था. घटना के बाद उन्होंने मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद लगभग छोड़ दी थी. लेकिन CEIR पोर्टल के माध्यम से पलामू पुलिस ने उनका मोबाइल बरामद कर लिया. शुक्रवार को मोबाइल वापस मिलने पर महिला के चेहरे पर खुशी साफ दिखाई दी. उन्होंने पुलिस की पहल के प्रति आभार जताया.
गया से हरिहरगंज आने के दौरान गुम हुआ मोबाइल मिला
पिपराटांड़ थाना क्षेत्र के पगार गांव निवासी विवेकानंद सिंह का मोबाइल इसी वर्ष अप्रैल में गया से हरिहरगंज आने के दौरान गुम हो गया था. उन्होंने इसकी सूचना हरिहरगंज थाना को दी थी. उन्हें मोबाइल वापस मिलने की उम्मीद नहीं थी. कुछ दिन पहले थाना से मोबाइल बरामद होने की जानकारी मिली. शुक्रवार को एसपी कपिल चौधरी ने उन्हें मोबाइल सौंपा. फोन वापस मिलने पर विवेकानंद सिंह ने पलामू पुलिस के प्रति आभार जताया.
मोबाइल मिलने की उम्मीद छोड़ चुके थे पंचायत सचिव
पिपरा थाना क्षेत्र से पहुंचे एक पंचायत सचिव का मोबाइल इसी वर्ष गुम हो गया था. मोबाइल गुम होने के बाद उन्होंने उसके दोबारा मिलने की उम्मीद छोड़ दी थी. पुलिस की ओर से मोबाइल बरामद होने की सूचना मिलने पर उन्हें काफी खुशी हुई. उन्होंने बताया कि मोबाइल में कई जरूरी संपर्क और महत्वपूर्ण जानकारी थी. मोबाइल वापस मिलने से उन्हें बड़ी राहत मिली.

