Palamu News : जिले के नौडीहा बाजार प्रखंड अंतर्गत शाहपुर पंचायत के हैरैया गांव में रविवार रात शॉर्ट सर्किट से एक घर में आग लग गई. इस अगलगी में बाइक समेत लाखों रुपये की संपत्ति जलकर राख हो गई. घटना के बाद पीड़ित परिवार के सामने रहने और खाने-पीने का संकट खड़ा हो गया है.
घर का सारा सामान जलकर हुआ राख
पीड़ित रामजी सिंह ने बताया कि रविवार रात परिवार के सभी सदस्य घर के अंदर थे. इसी दौरान अचानक घर में आग लग गई. देखते ही देखते आग की लपटें तेज हो गईं. परिवार के सदस्यों ने किसी तरह घर से बाहर निकलकर अपनी जान बचाई.
कुछ ही देर में आग ने विकराल रूप धारण कर लिया और पूरे घर को अपनी चपेट में ले लिया. आग इतनी भीषण थी कि घर में रखा सामान निकालने का मौका तक नहीं मिला. इस अगलगी में बाइक, अनाज, कपड़े, नकदी, जरूरी कागजात समेत घर-गृहस्थी का पूरा सामान जलकर नष्ट हो गया.
इसे भी पढ़ें
प्रशासन से आर्थिक सहायता की मांग
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि, तब तक परिवार की वर्षों की मेहनत से जुटाई गई संपत्ति राख में तब्दील हो चुकी थी. इस घटना के बाद रामजी सिंह का परिवार खुले आसमान के नीचे रहने को मजबूर है.
पीड़ित परिवार ने स्थानीय प्रशासन से आर्थिक सहायता और सरकारी मुआवजा दिलाने की गुहार लगाई है. रामजी सिंह ने भावुक होकर कहा कि आग में उनका सबकुछ बर्बाद हो गया है. ऐसे में प्रशासन से मदद की उम्मीद है, ताकि परिवार दोबारा अपना जीवन सामान्य तरीके से शुरू कर सके.
स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने भी पीड़ित परिवार को हरसंभव सरकारी सहायता दिलाने का आश्वासन दिया है. फिलहाल आग लगने के कारणों की जांच की जा रही है.

