Palamu: जिले के हैदरनगर बस स्टैंड के समीप सोमवार की अहले सुबह तीन दुकानों में भीषण आग लग गई. इस अगलगी में करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति जलकर राख हो गई. आग इतनी भयावह थी कि एक दुकान में रखा एलपीजी सिलेंडर भी ब्लास्ट कर गया. गनीमत रही कि मौके पर मौजूद पुलिसकर्मी बाल-बाल बच गए. घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा.
जानकारी के अनुसार, अहले सुबह करीब तीन बजे बस स्टैंड के समीप स्थित शमशीर टायर दुकान, छोटू बाइक गैरेज और सलाम ऑटो गैरेज में अचानक आग लग गई. देखते ही देखते आग ने तीनों दुकानों को अपनी चपेट में ले लिया. स्थानीय लोगों ने इसकी सूचना थाना पुलिस को दी. सूचना मिलते ही गश्ती दल मौके पर पहुंचा और फायर ब्रिगेड को जानकारी दी गई.
फायर ब्रिगेड की टीम ने काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. हालांकि तब तक दुकानों में रखा सामान पूरी तरह जल चुका था. घटना में तीन ऑटो, तीन बाइक और करीब तीन लाख रुपए मूल्य के टायर जलकर राख हो गए. फिलहाल आग लगने के सही कारणों का पता नहीं चल पाया है. लेकिन बिजली पोल में हुए शॉर्ट सर्किट से आग लगने की आशंका जताई जा रही है. पुलिस पूरे मामले की जांच में जुट गई है.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

