Search

 
 
 

Palamu News : एमएमसीएच में मरीजों से अवैध वसूली का खेल! मुफ्त मिलने वाली रॉड के लिए ऐंठे 10,500

मरीज के परिजन सोनू कुमार ने बताया कि ऑर्थो वार्ड में इलाज के दौरान उन्हें एक व्यक्ति ने सचिन कुमार नामक शख्स का मोबाइल नंबर दिया. कहा कि ऑपरेशन में लगने वाली रॉड व अन्य सामग्री उसी के माध्यम से उपलब्ध होगी.
 
अस्पताल में भर्ती महिला.

Medininagar : एमएमसीएच, मेदिनीनगर में भर्ती एक महिला मरीज के परिजनों से ऑपरेशन के नाम पर 10,500 रुपये वसूलने का मामला सामने आया है. सबसे गंभीर बात यह है कि जिस मेडिकल सामग्री के लिए पैसे लिए गए, वह अस्पताल में मरीजों को मुफ्त उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी. घटना के बाद अस्पताल की व्यवस्था पर सवाल खड़े हो गए हैं.

 

जानकारी के अनुसार, पाटन थाना क्षेत्र के करिहार गांव निवासी अंजली कुमारी 30 मई को सड़क दुर्घटना में घायल हो गई थीं. उनके बाएं पैर की हड्डी टूट गई थी. परिजनों ने उन्हें इलाज के लिए एमएमसीएच, मेदिनीनगर में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी.

 

 

 

वार्ड में मिला नंबर, फिर शुरू हुई रुपये ऐंठने की प्रक्रिया

 

मरीज के परिजन सोनू कुमार ने बताया कि ऑर्थो वार्ड में इलाज के दौरान उन्हें एक व्यक्ति ने सचिन कुमार नामक शख्स का मोबाइल नंबर दिया. कहा कि ऑपरेशन में लगने वाली रॉड व अन्य सामग्री उसी के माध्यम से उपलब्ध होगी. परिजनों ने उक्त शख्स से संपर्क किया. बताया गया कि ऑपरेशन के लिए जरूरी सामान आ गया है और भुगतान करना होगा. इसके बाद परिजनों से फोनपे के माध्यम से 10,500 रुपये मंगाए गए. परिवार ने इलाज में देरी न हो, इसलिए रुपये भेज दिए.

 

पैसे मिलने के बाद दिया गया सामान

 

परिजनों का कहना है कि भुगतान करने के बाद उन्हें ऑपरेशन में उपयोग होने वाली सामग्री उपलब्ध कराई गई. 11 जून को अंजली कुमारी का ऑपरेशन किया गया. हालांकि बाद में उन्हें जानकारी मिली कि ऐसी सामग्री अस्पताल में निःशुल्क उपलब्ध कराई जानी चाहिए थी. इसके बाद परिजनों को एहसास हुआ कि उनसे अनावश्यक रूप से रुपये वसूले गए हैं.

 

Uploaded Image

मरीज के परिजन से पेटीएम के जरिए लिया गया पैसा

मरीजों की मजबूरी का उठाया जा रहा फायदा

 

अस्पताल में यह कोई पहली घटना नहीं है. इसके पहले भी लेस्लीगंज के रहने वाले युवक से ऐसे ही मामले में 15,000 रुपए की मांग की गई थी. परिजनों के हंगामे के बाद मामले को रफा दफा कर दिया गया था. घटना ने अस्पताल में इलाज के दौरान मरीजों और उनके परिजनों से होने वाली कथित वसूली पर सवाल खड़े कर दिए हैं. 

 

शिकायत मिलने पर होगी कार्रवाईः अधीक्षक

 

पीड़ित परिवार ने पूरे मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है. इस संबंध में जानकारी लेने पर अस्पताल अधीक्षक अजय कुमार ने कहा कि उन्हें मामले की जानकारी नहीं है. यदि पीड़ित परिवार की ओर से लिखित शिकायत दी जाती है, तो मामले की जांच कराई जाएगी. आरोप सही पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी.

 


Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही