Palamu News : मेदिनीनगर में भीख मांगने वाले दो बच्चों के पेट पर चीरा के निशान मिले हैं. सीडब्ल्यूसी ने दोनों बच्चों का रेस्क्यू कर बाल गृह भेज दिया है. किडनी वाले हिस्से के आसपास चीरा के निशान मिलने से अंग तस्करी की आशंका जताई जा रही है. सीडब्ल्यूसी मामले की जांच कर रही है.
जानकारी के मुताबिक, सीडब्ल्यूसी को सूचना मिली कि भीख मांग रहे बच्चों के पेट पर चीरा के निशान हैं. सूचना पर सीडब्ल्यूसी और चाइल्डलाइन की टीम ने छापेमारी कर दोनों बच्चों का रेस्क्यू किया. जबकि एक बच्चा मौके से फरार हो गया.
शुरुआती काउंसलिंग में बच्चों ने बताया कि वे उत्तर प्रदेश के मिर्जापुर में रहने वाले मामा-मामी के साथ भीख मांगते हैं. इसी बीच बिहार के गया जिले के एक दंपती सीडब्ल्यूसी के पास पहुंचे और दोनों बच्चों को अपनी संतान बताया. इससे मामले में संदेह और बढ़ गया है.
CWC सदस्य रविशंकर ने बताया कि चीरे के निशान को देखते हुए MMCH अधीक्षक को मेडिकल जांच के लिए पत्र लिखा गया है. जांच के लिए मेडिकल बोर्ड का गठन किया गया है और मंगलवार को दोनों बच्चों की जांच कराई जाएगी.
काउंसलिंग के दौरान एक बच्चे ने पेट में गांठ और दूसरे ने पथरी होने की बात कही है. सीडब्ल्यूसी के अनुसार, बच्चों के बयानों में कई भ्रामक बातें सामने आई हैं. मंगलवार को उनका मेडिकल जांच किया जाएगा. जांच रिपोर्ट आने के बाद ही मामले की वास्तविकता स्पष्ट हो सकेगी.

