Medninagar : सदर थाना क्षेत्र में अपराध नियंत्रण और सड़क सुरक्षा को लेकर गुरुवार की रात पुलिस ने एंटी क्राइम चेकिंग अभियान चलाया. प्रशिक्षु डीएसपी मृत्युंजय गोप, सर्किल इंस्पेक्टर सुरेश राम और शहर थाना प्रभारी ज्योति लाल रजवार के नेतृत्व में रात 8 बजे से 10 बजे तक जोड़ चेकिंग पिकेट के पास वाहनों की सघन जांच की गई.
अभियान के दौरान पुलिस ने दोपहिया और चारपहिया वाहनों को रोककर आवश्यक कागजात, वाहन की स्थिति और सुरक्षा मानकों की जांच की. इस दौरान कुल 90 वाहनों की जांच की गई, जिसमें 57 मोटरसाइकिल और 33 कार शामिल थीं.
इसे भी पढ़ें
चेकिंग के दौरान एक कार के शीशे पर ब्लैक फिल्म लगी मिली. पुलिस ने कार्रवाई करते हुए कार के शीशे से ब्लैक फिल्म हटवा दी. साथ ही वाहन चालक को निर्धारित मानकों के अनुरूप शीशे का इस्तेमाल करने और यातायात नियमों का पालन करने की हिदायत दी गई.
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एंटी क्राइम चेकिंग का उद्देश्य संदिग्ध गतिविधियों पर नजर रखने के साथ अपराध पर अंकुश लगाना और शहर में सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करना है. रात के समय नियमित रूप से इस तरह की जांच जारी रखने की बात कही गई.
Lagatar Media की यह खबर आपको कैसी लगी. नीचे दिए गए कमेंट बॉक्स में अपनी राय साझा करें

