Search

 
 
 

Palamu News : घासीदाग में दलित ग्रामीण के कंधे पर बैठ नदी पार कर रहे विधायक, दोनों गिरे, वीडियो वायरल...

Palamu News :वीडियो में विधायक एक दलित ग्रामीण के कंधे पर बैठकर धुरिया नदी पार करते नजर आ रहे हैं. हालांकि, नदी के बीच पहुंचते ही संतुलन बिगड़ गया और विधायक सहित उन्हें कंधे पर उठाने वाला ग्रामीण पानी में गिर पड़ा.
 
नदी पार कर रहे विधायक

Palamu News : जिले के बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र अंतर्गत घासीदाग गांव में राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के स्थानीय विधायक नरेश प्रसाद सिंह का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है.

 

 

वीडियो में विधायक एक दलित ग्रामीण के कंधे पर बैठकर धुरिया नदी पार करते नजर आ रहे हैं. हालांकि, नदी के बीच पहुंचते ही संतुलन बिगड़ गया और विधायक सहित उन्हें कंधे पर उठाने वाला ग्रामीण पानी में गिर पड़ा. गनीमत रही कि नदी में पानी कम था, जिससे दोनों को गंभीर चोट नहीं आई.

 

 

 

मिली जानकारी के अनुसार, घासीदाग पंचायत में आयोजित एक धार्मिक समारोह में शामिल होने के लिए विधायक नरेश प्रसाद सिंह सोमवार देर शाम गांव पहुंचे थे.गांव तक पहुंचने के लिए धुरिया नदी पार करना जरूरी था. नदी में पानी होने के कारण विधायक ने खुद पैदल नदी पार करने के बजाय एक ग्रामीण के कंधे पर बैठकर नदी पार करने का फैसला किया. लेकिन बीच धारा में पहुंचते ही ग्रामीण का संतुलन बिगड़ गया और दोनों पानी में गिर गए.

 

वर्षों से पुल निर्माण की मांग कर रहे ग्रामीण

 घासीदाग पंचायत के ग्रामीण लंबे समय से धुरिया नदी पर पुल निर्माण की मांग कर रहे हैं. बारिश के दिनों में पंचायत का संपर्क मुख्य मार्ग से कट जाता है. चारों तरफ नदियों से घिरे इस इलाके के लोगों को आवागमन में काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता है. कई बार ग्रामीणों को जरूरी काम और इलाज के लिए भी कठिनाइयों से गुजरना पड़ता है.

 

विधायक के प्रतिनिधि धनंजय पासवान ने कहा कि घटना की पूरी जानकारी जुटाई जा रही है. इसके बाद ही आधिकारिक बयान दिया जाएगा.

 

मुखिया ने जताया विरोध, सामंती मानसिकता का लगाया आरोप

 घासीदाग पंचायत की मुखिया अंजू देवी ने घटना पर कड़ी नाराजगी जताई है. उन्होंने कहा कि एक दलित व्यक्ति के कंधे पर बैठकर नदी पार करना विधायक की सामंती मानसिकता को दर्शाता है. मुखिया के अनुसार, ग्रामीण लंबे समय से पुल निर्माण के लिए आवाज उठा रहे हैं, लेकिन उनकी समस्या पर ध्यान नहीं दिया गया. अब विधायक के खुद नदी में गिरने के बाद उम्मीद है कि उन्हें ग्रामीणों की रोजमर्रा की परेशानी का एहसास होगा.

 

विपक्ष ने भी विधायक को घेरा

 घटना के बाद बिश्रामपुर विधानसभा क्षेत्र में राजनीतिक बयानबाजी तेज हो गई है. बहुजन समाज पार्टी (BSP) के नेता राहुल दुबे ने विधायक पर निशाना साधते हुए कहा कि बारिश के मौसम में आम जनता इलाज तक नहीं करा पाती है.

 

विधायक को क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करते हुए दो साल से अधिक समय हो गया, लेकिन अब तक क्षेत्र की बुनियादी समस्याओं का समाधान नहीं हो पाया है. उन्होंने कहा कि जनता की परेशानी दूर करने के बजाय विधायक एक दलित व्यक्ति की पीठ पर बैठकर नदी पार करने की कोशिश कर रहे हैं.

 

फिलहाल इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बना हुआ है. वहीं, घासीदाग के ग्रामीणों को अब भी धुरिया नदी पर पुल बनने का इंतजार है.

Comments
Leave a Comment
Follow us on WhatsApp

Lagatar Media

Lagatar Media App
बेहतर न्यूज़ अनुभव
Lagatar Media App
ब्राउज़र में ही